HomeBreaking Newsसैंडपेपर गेट के बाद भी नहीं सुधरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी! पाकिस्तान के खिलाफ...

सैंडपेपर गेट के बाद भी नहीं सुधरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी! पाकिस्तान के खिलाफ फिर हुई बॉल टेम्परिंग की कोशिश, रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Australia Ball Tampering Controversy: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट एक बार फिर पुराने बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर चर्चा में है। साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर केपटाउन टेस्ट के दौरान सामने आए सैंडपेपर गेट के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई टीम में गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश हुई थी। हैरान करने वाला यह खुलासा ऑस्ट्रेलियाई न्यूज वेबसाइट SEN के रिपोर्टर जेरार्ड व्हॉटली की एक रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान कुछ खिलाड़ियों ने गेंद को चमकाने के लिए मिंट का इस्तेमाल करने की बात की थी। हालांकि, तत्कालीन कप्तान टिम पेन और कोच जस्टिन लैंगर ने इस कोशिश को नाकाम कर दिया था।

क्या था 2018 का सैंडपेपर गेट विवाद?

साल 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर थी। इस दौरान केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में गेंद से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद रगड़ते हुए कैमरे में कैद किया गया था। इसके बाद पूरी दुनिया में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की आलोचना हुई थी।

जांच के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था। वहीं, कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। इस घटना को सैंडपेपर गेट के नाम से जाना जाता है और यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे विवादित अध्यायों में शामिल है।

पाकिस्तान के खिलाफ फिर गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश

जेरार्ड व्हॉटली की रिपोर्ट के मुताबिक, केपटाउन टेस्ट विवाद के कुछ महीनों बाद पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में खेले गए टेस्ट मैच में भी बॉल टेम्परिंग जैसी कोशिश की गई थी। पहली पारी के दौरान ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को गेंद से खास मूवमेंट नहीं मिल रहा था। इसी बीच टीम के एक खिलाड़ी ने मिंट को लेकर सवाल उठाया। रिपोर्ट में बताया गया है कि उस खिलाड़ी ने कहा था, “मिंट किसके पास है आज। आज गेंद कौन बना रहा है?”

उसकी इस बात पर टीम के एक दूसरे खिलाड़ी ने नाराजगी जताई थी। इसके बावजूद एक सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी को ड्रेसिंग रूम में मिंट लाने के लिए भेज दिया गया। हालांकि, कप्तान टिम पेन को इस पूरी गतिविधि का अंदाजा हो गया था।

टिम पेन ने खिलाड़ी को लगाई फटकार

मामले की भनक लगते ही टिम पेन ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने संबंधित खिलाड़ी को फटकार लगाई और उसे दोबारा मैदान पर नहीं आने की हिदायत दी। कप्तान के इस कदम से गेंद के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ होने से पहले ही मामला रुक गया।

रिपोर्ट के अनुसार, पेन नहीं चाहते थे कि केपटाउन विवाद के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम एक बार फिर किसी बड़े विवाद में फंसे। इसलिए उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया।

जस्टिन लैंगर ने भी दिखाई सख्ती

दिन का खेल समाप्त होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर ने भी उस खिलाड़ी को जमकर फटकार लगाई। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि लैंगर ने खिलाड़ी की पीठ से ऑस्ट्रेलिया की बैगी ग्रीन कैप को साफ करते हुए उसे इसकी गरिमा और सम्मान बनाए रखने की बात कही थी।

दरअसल, केपटाउन टेस्ट में बॉल टेम्परिंग की घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कोई भी खिलाड़ी अपने साथ मैदान पर मिंट नहीं लेकर जाएगा। इसके बावजूद दुबई टेस्ट में ऐसी चर्चा सामने आना हैरान करने वाला था।

इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद एक बार फिर 2018 के सैंडपेपर गेट विवाद और ऑस्ट्रेलियाई टीम के भीतर उस समय के माहौल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

Read More:

‘शेख हसीना आतंकवादी, हथकड़ी लगाकर ही वापस लाएंगे…’, पूर्व PM की वापसी के ऐलान पर बांग्लादेश सरकार का तीखा हमला

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments