HomeBreaking News20 घंटे का सफर तय कर जनकपुर पहुंची अयोध्या की पहली सीधी...

20 घंटे का सफर तय कर जनकपुर पहुंची अयोध्या की पहली सीधी ट्रेन, PM मोदी-बालेन ने दिखाई थी हरी झंडी, जानें किराया और रूट

Ayodhya-Janakpur Train: भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा का सपना अब साकार हो गया है। अयोध्या से पहली सीधी ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस मंगलवार सुबह करीब 9:35 बजे नेपाल के जनकपुर धाम स्टेशन पहुंची। करीब 20 घंटे का सफर पूरा करने के बाद जनकपुर पहुंची ट्रेन में सवार यात्रियों का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। पहले दिन इस ट्रेन से कुल 1,158 यात्रियों ने यात्रा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे अयोध्या से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। आम यात्रियों के लिए यह सेवा 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।

इस ट्रेन की शुरुआत भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। खास बात यह है कि जिस रास्ते को तय करने में रामायण काल में भगवान राम की बारात को चार दिन लगे थे, अब उसी सफर को रेल के जरिए करीब 19 से 20 घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

अयोध्या से जनकपुर तक किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?

सरयू-कमला एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी। ट्रेन का रूट इस प्रकार है।

  • अयोध्या धाम- यात्रा की शुरुआत अयोध्या से होगी।

  • मनकापुर- उत्तर प्रदेश का अगला प्रमुख ठहराव।

  • बस्ती- यहां से यात्रियों को ट्रेन की सुविधा मिलेगी।

  • गोरखपुर- पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रमुख स्टेशन।

  • नरकटियागंज- बिहार में प्रवेश के बाद प्रमुख ठहराव।

  • रक्सौल- भारत-नेपाल सीमा के नजदीक स्थित स्टेशन।

  • सीतामढ़ी- बिहार का महत्वपूर्ण धार्मिक और रेल केंद्र।

  • शिशो- इस रूट का एक अन्य निर्धारित ठहराव।

  • मधुबनी- मिथिला क्षेत्र के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

  • जयनगर- यहां दस्तावेजों की जांच के बाद ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी और जनकपुर धाम पहुंचेगी।

यह साप्ताहिक ट्रेन होगी। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए ट्रेन सोमवार को रवाना होगी, जबकि जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए शनिवार को चलेगी।

जयनगर स्टेशन पर होगी यात्रियों के दस्तावेजों की जांच

चूंकि यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके भारत से नेपाल जाएगी, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने के लिए बिहार के जयनगर स्टेशन पर दस्तावेजों की जांच की जाएगी। अयोध्या से जनकपुर जाते समय यहां दो घंटे और जनकपुर से अयोध्या लौटते समय एक घंटे का ठहराव निर्धारित किया गया है।

यात्रियों को सफर के दौरान अपना पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ रखने होंगे। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट तैयार किए जाएंगे। इनमें यात्रियों की नागरिकता और पहचान संबंधी जानकारी दर्ज होगी। जांच के लिए ये चार्ट संबंधित अधिकारियों को भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

ट्रेन में मिलेंगे AC और स्लीपर कोच

जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच होंगे। एसी श्रेणी में 6 थर्ड एसी और 2 सेकेंड एसी कोच शामिल हैं। बाकी 2 कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री जैसी सुविधाओं के लिए होंगे।

इस ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल कोच की सुविधा नहीं होगी। इसके अलावा रेलवे के नियमों के मुताबिक, इसमें आरएसी और वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं होंगे। यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट पर ही यात्रा करनी होगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से किसी कोटे की व्यवस्था भी नहीं रखी गई है।

फिलहाल रेलवे की ओर से ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है। थर्ड एसी, सेकेंड एसी और स्लीपर श्रेणी के टिकट की कीमतों का इंतजार है।

PM मोदी बोले- नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे

ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के सदियों पुराने संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के बीच गहरे संबंधों पर आधारित हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं।

पीएम मोदी ने 2018 में जनकपुर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, ”नेपाल के बिना हमारे तीर्थ अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।” उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत से इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम मिलेगा।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते इस ट्रेन सेवा से और मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान राम की नगरी है और जनकपुर माता जानकी की जन्मस्थली। इस रेल सेवा से अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को नया अध्याय मिलेगा।

2022 में शुरू हुई थी जयनगर-जनकपुर रेल सेवा

भारत और नेपाल के बीच पहले से जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल सेवा संचालित है। इसकी शुरुआत 3 अप्रैल 2022 को हुई थी। इससे एक दिन पहले 2 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया था।

बिहार के जयनगर से शुरू होने वाली यह रेल सेवा नेपाल के कुर्था, जनकपुर और बिजलपुरा तक जाती है। इसका चालू रेल मार्ग करीब 52 किलोमीटर लंबा है। आगे इसे बर्दीबास तक बढ़ाने की योजना है। अब अयोध्या तक सीधा रेल संपर्क मिलने से दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

अयोध्या और जनकपुर का संबंध रामायण और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा है। अयोध्या भगवान राम की जन्मस्थली है, जबकि जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। मान्यता है कि राजा जनक की नगरी जनकपुर में ही भगवान राम और माता सीता का विवाह हुआ था।

ऐसे में नई ट्रेन सेवा से दोनों धार्मिक शहरों के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश और बिहार के रास्ते में पड़ने वाले शहरों को भी पर्यटन का लाभ मिल सकता है। होटल, परिवहन, दुकानों और स्थानीय कारोबार से जुड़े लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

Read More:

नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, बिहार-बंगाल और सिक्किम तक कांपी धरती, जानें कहां था केंद्र

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments