Dev Deepawali 2026: बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी एक बार फिर देव दीपावली के भव्य उत्सव के लिए तैयार है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को गंगा के अर्धचंद्राकार घाट 11 लाख से अधिक दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। इस बार उत्सव को और खास बनाने के लिए 2,100 स्वदेशी ड्रोन से भव्य शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो, गंगा महाआरती और ग्रीन आतिशबाजी पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे।
मान्यता है कि देव दीपावली के दिन देवी-देवता स्वर्ग से उतरकर भगवान शिव की नगरी काशी में दीपोत्सव मनाने आते हैं। यही वजह है कि कार्तिक पूर्णिमा पर यहां लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान और दीपदान के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक काशी पहुंचे हैं। अस्सी घाट से राजघाट तक दीपों की कतारें पूरे शहर को रोशनी से भर देंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस आयोजन को हर साल और भव्य बनाया जा रहा है। देव दीपावली-2026 में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस बार भी काशी के घाटों पर अलग-अलग राज्यों की संस्कृतियों, परंपराओं और लोक आस्थाओं की झलक देखने को मिलेगी। यह आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी प्रदर्शित करेगा।
24 नवंबर को कब और कहां होंगे प्रमुख आयोजन?
देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी में शाम से लेकर रात तक कई भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
-
शाम 5:15 से 5:45 बजे तक गंगा के सभी घाटों और गंगा पार रेती पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
-
शाम 6 से 7 बजे तक प्रमुख घाटों पर भव्य गंगा आरती का आयोजन होगा।
-
शाम 7:20 से 7:45 बजे तक चेतसिंह किले पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया जाएगा।
-
रात 8 से 8:10 बजे तक चेतसिंह घाट के सामने 2,100 ड्रोन से भव्य शो होगा।
-
रात 8:30 से 8:40 बजे तक ललिता घाट के सामने गंगा पार रेती पर ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन होगा।
2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी भगवान शिव की महिमा
इस साल देव दीपावली का सबसे बड़ा आकर्षण 2,100 स्वदेशी ड्रोन का शो होगा। वाराणसी में पहली बार इतने बड़े स्तर पर ड्रोन के जरिए काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आसमान में प्रदर्शित किया जाएगा। ‘देव दीपावली’ थीम पर आधारित इस प्रस्तुति में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण से जुड़े दृश्य दिखाए जाएंगे।
इसके साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की आकृतियां भी आसमान में उकेरी जाएंगी। उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के प्रतीकों के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान भी प्रदर्शित की जाएगी।
3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो से जगमगाएगा चेतसिंह किला
देव दीपावली पर चेतसिंह किले में 25 मिनट का विशेष लाइट शो आयोजित होगा। इसमें 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट का लेजर शो शामिल रहेगा। इस दौरान ऐतिहासिक इमारतों और घाटों की दीवारों पर काशी, भगवान शिव, मां गंगा और देव दीपावली से जुड़ी पौराणिक कथाओं को दिखाया जाएगा। संगीत, संवाद और वॉयस ओवर के जरिए दर्शकों को इस पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी जाएगी।
ग्रीन आतिशबाजी से सजेगा आसमान
गंगा पार रेती पर करीब 10 मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो भी आयोजित होगा। इसमें भगवान शिव की महिमा पर आधारित भजनों के साथ आतिशबाजी का शानदार संगम देखने को मिलेगा। ‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ जैसे भजनों की धुनों के बीच आसमान रंगीन रोशनी से जगमगा उठेगा।
दशाश्वमेध घाट की गंगा महाआरती होगी खास आकर्षण
देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की गंगा महाआरती भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। विशाल दीपों के साथ पुजारियों की लयबद्ध आरती, शंखनाद और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा। गंगा की लहरों पर तैरते दीप और घाटों की रोशनी इस दृश्य को और भी खास बनाएगी।
देव दीपावली से बढ़ रहा काशी का पर्यटन
साल 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद काशी की देव दीपावली को भव्य स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया है। 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो, ड्रोन शो, ग्रीन आतिशबाजी और गंगा आरती जैसे आयोजनों ने इस पर्व को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
इस बार भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक वाराणसी पहुंच रहे हैं। क्रूज, मोटर बोट और नौका विहार को लेकर भी सैलानियों में खासा उत्साह है। शहर के होटल और होम स्टे पर्यटकों से गुलजार हैं। अब देव दीपावली केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के पर्यटन को नई पहचान देने वाला बड़ा आयोजन बन चुकी है।
Read More:
पटियाला में दो गाड़ियों की जोरदार भिड़ंत, दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत, 9 लोग घायल

