सऊदी अरब(Saudi airport) में दो एयरपोर्ट्स पर ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद तनाव बढ़ गया है। सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) के मुताबिक, इन हमलों में कुल 3 लोगों की मौत हुई जबकि 36 लोग घायल हुए हैं। हमले 6 और 7 अक्टूबर को आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किए गए।
हूती विद्रोहियों ने इन दोनों हमलों की जिम्मेदारी ली है। हमले के बाद एयरपोर्ट्स की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने जरूरी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
अलग-अलग देशों के नागरिकों की मौत
आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में मोरक्को और अल्जीरिया की दो महिला नागरिकों की जान चली गई। इस हमले में 28 लोग घायल भी हुए। घायलों में सऊदी अरब के अलावा बांग्लादेश और फिलीपींस के नागरिक भी शामिल हैं।
दूसरी ओर, रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक सूडानी नागरिक की मौत हुई। यहां 8 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें पांच सऊदी नागरिक, मिस्र के दो निवासी और पाकिस्तान का एक नागरिक शामिल है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
GACA के अनुसार, सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों की ओर से एयरपोर्ट की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित रखा जा सके।
हमलों के बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हूतियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की। गठबंधन के मुताबिक, उसने हूतियों से जुड़े 80 से अधिक सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ गया है।