Death Anniversary Sant Avtar Singh Ji: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज जालंधर के शाहकोट स्थित निर्मल कुटिया सीचेवाल पहुंचेंगे। यहां वे संत अवतार सिंह जी की 38वीं वार्षिक बरसी पर आयोजित धार्मिक समागम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री गुरु घर में माथा टेकेंगे और संगत को संबोधित भी कर सकते हैं। कार्यक्रम के बाद उनके मीडिया से बातचीत करने की संभावना जताई जा रही है।
बड़ी संख्या में पहुंच रही संगत
संत अवतार सिंह जी की बरसी को लेकर निर्मल कुटिया सीचेवाल में विशेष धार्मिक समागम आयोजित किया गया है। सुबह से ही पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए कुटिया प्रबंधन और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सेवादार लगातार व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे हुए हैं ताकि संगत को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अहम मुद्दों पर हो सकती है बातचीत
मुख्यमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक नजर से भी काफी अहम माना जा रहा है। चर्चा है कि इस दौरान पंजाब से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श हो सकता है। निर्मल कुटिया सीचेवाल के प्रमुख और राज्यसभा सांसद बलबीर सिंह के साथ पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव अभियान और विकास कार्यों को लेकर विशेष चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शाहकोट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए कई ट्रैफिक रूट्स में बदलाव भी किए गए हैं ताकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात दोनों सुचारू बने रहें।
धार्मिक-राजनीतिक रूप से अहम कार्यक्रम
निर्मल कुटिया सीचेवाल में आयोजित यह समागम धार्मिक महत्व के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम में कई धार्मिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी के कारण इस आयोजन पर पूरे पंजाब की नजर बनी हुई है।
Read More:

