HomeBreaking Newsरतनजोत का फल ड्रायफ्रूट समझकर खा गए 10 बच्चे, अस्पताल में हुए...

रतनजोत का फल ड्रायफ्रूट समझकर खा गए 10 बच्चे, अस्पताल में हुए भर्ती

ग्वालियर में सिरसौद गांव में रतनजोत का फल खाने के बाद 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे भागवत कथा और भंडारे से लौट रहे थे। रास्ते में खेत के पास रतनजोत का पौधा देखकर बच्चों ने उसके फल को ड्रायफ्रूट समझ लिया और आपस में बांटकर खा लिया। घर पहुंचने के कुछ समय बाद बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी शुरू हो गई।

पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत

परिजनों के मुताबिक, बच्चों को अचानक पेट में दर्द होने लगा और इसके साथ उल्टी व दस्त की समस्या भी सामने आई। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग सभी बच्चों को जिला अस्पताल मुरार लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को जयारोग्य अस्पताल समूह के कमला राजा अस्पताल रेफर किया गया। कमला राजा अस्पताल पहुंचने पर आठ बच्चों को पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) में भर्ती किया गया। वहीं, दो बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें न्यू जेएएच के ICU में रखा गया है।

डॉक्टर ने बताया जहरीला होता है फल

वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. घनश्याम दास के मुताबिक, रतनजोत का फल जहरीला होता है और इसे खाने से शरीर में टॉक्सिसिटी हो सकती है। इसके कारण उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों के जहरीला फल खाने की जानकारी मिलने के बाद डॉ. घनश्याम दास कमला राजा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों की स्थिति का जायजा लिया और उपचार कर रही मेडिकल टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद बच्चों के परिजनों ने जिला अस्पताल मुरार की इमरजेंसी में मिले उपचार को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद बच्चों को पर्याप्त प्राथमिक उपचार देने के बजाय सभी को कमला राजा अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि बच्चों की हालत खराब थी और यदि प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर किया जाता तो तत्काल राहत मिल सकती थी। हालांकि, इन आरोपों पर जिला अस्पताल की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अनजान फल खाने से बचने की सलाह

घटना के बाद डॉक्टरों ने ग्रामीण इलाकों में अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अनजान पेड़-पौधों के फल या बीज खाने से रोका जाना चाहिए। किसी अज्ञात फल या बीज के सेवन के बाद पेट दर्द, उल्टी या दस्त जैसी परेशानी होने पर बच्चे को बिना देरी अस्पताल ले जाना जरूरी है।

Read More

iPhone 18 Pro खरीदने वालों का ‘स्मार्ट हैक’, दुबई का फ्री ट्रिप भी हो गया और जेब में पैसे भी बच गए

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments