HomeBreaking News‘जीवनदान’ मिलने पर सांवलिया सेठ को अर्पित किया चांदी का दिल, तिवारी...

‘जीवनदान’ मिलने पर सांवलिया सेठ को अर्पित किया चांदी का दिल, तिवारी परिवार ने पेश की आस्था की अनौखी मिसाल

राजस्थान के प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ(Sanwariya Seth) मंदिर में एक बार फिर श्रद्धा और विश्वास की ऐसी मिसाल देखने को मिली, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। देशभर में अपनी चमत्कारी मान्यताओं और भक्तों की अटूट आस्था के लिए प्रसिद्ध इस मंदिर में इस बार एक परिवार ने भगवान को अनोखी भेंट अर्पित की। तिवारी परिवार ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर सांवलिया सेठ के चरणों में चांदी से बना दिल और चांदी का नलकूप समर्पित किया। मंदिर इतिहास में इस तरह की भेंट पहली बार देखने को मिली है जिसकी चर्चा श्रद्धालुओं के बीच खास तौर पर हो रही है।

परिवार ने की थी सफल सर्जरी की प्रार्थना 

जानकारी के मुताबिक, सांवलिया क्षेत्र के रहने वाले उमेश तिवारी के पिता बालमुकुंद तिवारी को करीब तीन वर्ष पहले अचानक गंभीर हृदय संबंधी समस्या हुई थी। जांच के दौरान डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की और तुरंत बाईपास सर्जरी कराने की सलाह दी। परिवार के लिए वह समय बेहद कठिन और चिंता से भरा था। इलाज के लिए उन्हें अहमदाबाद ले जाया गया जहां ऑपरेशन होना था।

1

इसी दौरान परिवार ने भगवान सांवलिया सेठ के सामने प्रार्थना की कि यदि सर्जरी सफल रही और बालमुकुंद तिवारी स्वस्थ होकर लौट आए तो वे भगवान को चांदी का हृदय अर्पित करेंगे। परिवार का कहना है कि सांवलिया सेठ की कृपा से ऑपरेशन सफल रहा और बालमुकुंद तिवारी धीरे-धीरे पूरी तरह स्वस्थ हो गए। इसके बाद परिवार ने अपनी मन्नत पूरी करने का निर्णय लिया।

भगवान को अर्पित की अनोखी भेंट

तिवारी परिवार ने लगभग 197 ग्राम चांदी से विशेष रूप से एक दिल तैयार करवाया। इसके साथ ही उन्होंने चांदी का नलकूप भी बनवाया। श्रद्धा और उत्साह के साथ परिवार शोभायात्रा निकालते हुए मंदिर पहुंचा और विधि-विधान से दोनों भेंट भगवान को समर्पित कीं। इस अनोखी भेंट को देखने के लिए मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भी खास उत्सुकता दिखाई दी।

श्री सांवलिया सेठ मंदिर लंबे समय से भक्तों की आस्था का बड़ा केंद्र रहा है। यहां पहले भी श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं पूरी होने पर अनोखी चीजें अर्पित कर चुके हैं। किसी ने ट्रैक्टर चढ़ाया तो किसी ने बाइक, जेसीबी, चांदी की किताब और यहां तक कि चांदी का पेट्रोल पंप भी भगवान को भेंट किया। लेकिन चांदी के दिल की यह भेंट श्रद्धा की एक अलग और भावनात्मक मिसाल बन गई है।

देश के कई राज्यों में यह मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र

भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित यह मंदिर राजस्थान ही नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। यही कारण है कि लाखों भक्त दूर-दूर से यहां दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं।

यह भी पढ़ें : नैनीताल में भीषण सड़क हादसा, खाई में कार गिरने से 5 लोगों की मौत…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments