मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। हाल ही में खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर हुए हमलों के बाद भारत सरकार ने गंभीर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने इन घटनाओं को बेहद चिंताजनक बताया है।
ओमान तट के पास हमले में तीन भारतीयों की मौत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस सप्ताह ओमान के तट के पास एक जहाज पर हुए हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। शुरुआत में इन नाविकों के लापता होने की सूचना थी, लेकिन बाद में उनके निधन की पुष्टि हुई। घटना के बाद भारत सरकार ने इस मामले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया और संबंधित पक्षों के समक्ष अपनी चिंता व्यक्त की।
विदेश मंत्रालय ने जताई चिंता
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि हाल के दिनों में मध्य पूर्व क्षेत्र में भारतीय नाविकों से जुड़ी कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा भारत अपने नाविक समुदाय की सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। ओमान के तट के पास जहाज पर हुए हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत बेहद दुखद है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। रणधीर जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। उनका मानना है कि ये घटनाएं क्षेत्रीय संघर्ष और बढ़ते सैन्य तनाव का परिणाम हैं।
भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर नजर
सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह क्षेत्र में मौजूद भारतीय नाविकों और समुद्री कर्मियों की सुरक्षा पर लगातार नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय संबंधित देशों और एजेंसियों के संपर्क में है ताकि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और समुद्री मार्गों पर लगातार हो रही घटनाओं के बीच भारत ने एक बार फिर शांतिपूर्ण समाधान और क्षेत्रीय स्थिरता की जरूरत पर जोर दिया है।
Read More
राज्यसभा चुनाव: गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में BJP का दबदबा, सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

