पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान को लाहौर में उनके घर के बाहर से पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है। अलीमा खान लगातार जेल में बंद इमरान खान के साथ कथित व्यवहार को लेकर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखती रही हैं। उनके हिरासत में लिए जाने की खबर ऐसे समय आई है, जब पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की ओर से 27 सितंबर को प्रस्तावित लॉन्ग मार्च की तैयारी की जा रही है।
30 दिन तक हिरासत का आदेश
लाहौर के डिप्टी कमिश्नर की ओर से मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर के तहत जारी आदेश में अलीमा खान को 30 दिनों तक हिरासत में रखने का प्रावधान बताया गया है। आदेश के मुताबिक, जिला खुफिया समिति की बैठक में शहर में शांति बनाए रखने के लिए उन्हें हिरासत में लेने का फैसला किया गया।हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अलीमा खान और उनके ड्राइवर को हिरासत में लिए जाने के बाद किस स्थान पर ले जाया गया है। उनके परिवार और कानूनी प्रतिनिधियों की ओर से उनके ठिकाने और हिरासत के कानूनी आधार की जानकारी मांगी जा रही है।
प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले कार्रवाई
पीटीआई पंजाब के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि अलीमा खान को 27 सितंबर के प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले उनके लाहौर स्थित घर से हिरासत में लिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन में इमरान खान की रिहाई की मांग की जानी है। इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पार्टी से जुड़े चार कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया था।
इस्लामाबाद पुलिस ने बढ़ाई तैयारियां
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए इस्लामाबाद पुलिस ने भी सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। सेंट्रल पुलिस ऑफिस में अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और संभावित प्रदर्शन से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में संबंधित पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। राजधानी की पुलिस प्रदर्शन से जुड़ी गतिविधियों पर भी नजर रख रही है और पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों की गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
Read More
पुणे केतन अग्रवाल मर्डर केस में 5053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, सिया-चेतन पर हत्या की साजिश का आरोप, हुए कई चौंकाने वाले खुलासे