भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा(Rohit Sharma) ने शनिवार को टेलीविजन की दुनिया में अपनी नई पारी शुरू की। उनका बहुप्रतीक्षित शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर शुरू हुआ। इस शो के जरिए रोहित पहली बार एक बड़े एंटरटेनमेंट प्रोग्राम के होस्ट की भूमिका में नजर आए।
क्रिकेट के मैदान पर अपने शांत और मजेदार अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले रोहित को इस बार एक अलग भूमिका में देखा गया। शो में उन्होंने मेहमानों के साथ बातचीत करने के साथ-साथ गेम्स और मस्ती में भी हिस्सा लिया। उनका बेबाक और ह्यूमरस अंदाज दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा।
पहले एपिसोड में दिखे ये सितारे
शो के शुरुआती एपिसोड में क्रिकेट और फिल्म जगत से जुड़े कई चर्चित चेहरे पहुंचे। इनमें श्रेयस अय्यर, शार्दुल ठाकुर, अभिषेक नायर और अभिनेता कुणाल खेमू शामिल रहे। रोहित और मेहमानों के बीच हुई बातचीत में क्रिकेट से जुड़े किस्सों के साथ हंसी-मजाक का भी खूब तड़का देखने को मिला।
मैदान से अलग रोहित के इस रूप को देखने का मौका मिलने पर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई। शो में उनकी सहज बातचीत और मजाकिया अंदाज ने एपिसोड को हल्का-फुल्का और पारिवारिक मनोरंजन वाला बनाए रखा।
सोशल मीडिया पर भी मिली प्रतिक्रिया
पहला एपिसोड प्रसारित होने के बाद सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा के प्रशंसकों ने अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं। कई दर्शकों ने उनके स्क्रीन प्रेजेंस और कॉमिक टाइमिंग की तारीफ की। वहीं, कुछ लोगों को क्रिकेटर को टीवी होस्ट की भूमिका में देखना खासा पसंद आया।
कब और कहां देख सकते हैं शो?
‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ का प्रसारण शनिवार और रविवार को रात 9:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर किया जाता है। शो में सेलिब्रिटी मेहमानों के साथ बातचीत, गेम्स और मनोरंजन के जरिए रोहित का एक नया अंदाज देखने को मिलता है।