मुंबई में खाद्य सुरक्षा को लेकर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की कार्रवाई में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। विभाग ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में 10 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें दक्षिण मुंबई के बलार्ड एस्टेट स्थित स्विगी इंस्टामार्ट का एक डार्क स्टोर भी शामिल है।
निरीक्षण में मिलीं कई गड़बड़ियां
FDA के मुताबिक, स्विन्स्टा ईएनटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित इस डार्क स्टोर का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान स्टोर के सामान रखने वाले हिस्से में एक जीवित चूहा दिखाई दिया। जांच में चावल के कई बोरे कुतरे हुए पाए गए। इनसे निकला अनाज दूषित फर्श पर बिखरा हुआ था। अधिकारियों को स्टोरेज क्षेत्र के कई हिस्सों में चूहों द्वारा फैलाई गई गंदगी भी मिली।
कॉकरोच, मक्खियां और गंदगी भी मिली
FDA के अनुसार, खाद्य सामग्री पर बड़ी संख्या में कॉकरोच मौजूद थे। सामान को स्टोर करने वाली गाड़ियों के भीतर भी जीवित मक्खियां पाई गईं। इसके अलावा रेफ्रिजरेशन यूनिट की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। निरीक्षण के दौरान फ्रिज के अंदर मरे हुए कीड़े, गंदगी और बर्फ की मोटी परत मिली। इन परिस्थितियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मानते हुए विभाग ने लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की।
कार्रवाई की जद में कई अन्य स्टोर
FDA ने बताया कि सिर्फ इंस्टामार्ट स्टोर ही नहीं, बल्कि मुंबई के कई अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की गई है। मलाड स्थित सद्गुरु स्वीट्स एंड फरसान मार्ट, अमेजन के लिए गोदाम संचालित करने वाली एक्यूलॉजिकएक्स सप्लाई चेन सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, मोहम्मद अली रोड के सुलेमान उस्मान मिठाईवाला और चेंबूर स्थित जैन स्वीट एंड भेपुरी हाउस LLP तथा नाइस एंटरप्राइजेज के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।
त्योहारों के बीच FDA का अभियान
त्योहारी सीजन को देखते हुए FDA ने राज्यभर में खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान चलाया है। विभाग ने मिलावटी या अस्वच्छ होने के संदेह में खोया, मावा, पेड़ा, घी, तेल, बर्फी, सूखे खुबानी-किशमिश, गुड़, मिठाइयां और अन्य डेयरी उत्पाद जब्त किए हैं। इन जब्त खाद्य पदार्थों की कुल कीमत 1.36 करोड़ रुपये बताई गई है।
Read More
कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से गैंगरेप, तीन आरोपियों में से एक आसिफ गिरफ्तार

