पुलवामा आतंकी हमले के मास्टरमाइंड माने जाने वाले आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, यह हमला मुजफ्फराबाद में हुआ, जहां हमजा बुरहान अपने दफ्तर में मौजूद था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में उसकी मौत हो गई।
खुद को टीचर बताता था हमजा बुरहान
जानकारी के अनुसार, हमजा बुरहान पाकिस्तान में खुद को शिक्षक बताकर रहता था, लेकिन वह लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों में सक्रिय था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह 2019 के पुलवामा हमले की साजिश रचने वालों में शामिल था और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों को ट्रेनिंग देने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ कराने और आतंकी संगठनों के नेटवर्क को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रहा था।
2019 में हुआ था पुलवामा हमला
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने CRPF के काफिले को निशाना बनाया था। जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी आदिल अहमद डार ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी CRPF बस से टकरा दी थी। इस भीषण आत्मघाती हमले में 40 से ज्यादा जवानों ने बलिदान दिया था। यह जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों पर हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक माना जाता है। हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।
भारत ने किया था बालाकोट एयर स्ट्राइक
पुलवामा हमले के बाद भारत ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक की थी। भारतीय वायुसेना ने खैबर पख्तूनख्वा स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ट्रेनिंग कैंप को निशाना बनाया था। इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया था। भारत की इस सैन्य कार्रवाई को ‘ऑपरेशन बालाकोट’ नाम दिया गया था।
Read More
विश्व प्रसिद्ध कबड्डी खिलाड़ी संदीप लुधड़ ने साथियों संग थामा ‘आप’ का दामन, CM मान ने किया स्वागत

