HomeBreaking Newsडिफेंस, UPI से स्वास्थ्य और सुरक्षा तक... भारत-सेशेल्स के बीच हुए 19...

डिफेंस, UPI से स्वास्थ्य और सुरक्षा तक… भारत-सेशेल्स के बीच हुए 19 बड़े समझौते,1250 करोड़ का लोन भी मिलेगा

PM Modi Seychelles Visit: सेशेल्स के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (28 जून 2026) को वहां के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष, कृषि और शिक्षा समेत कई अहम क्षेत्रों में 19 समझौतों की घोषणा की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स दोनों मानते हैं कि हिंद महासागर उन दोनों का ही घर है। इसकी सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि दोनों देशों की साथ में जिम्मेदारी है। इसके अलावा भारत, सेशेल्स को 1,250 करोड़ रुपए की लाइन ऑफ क्रेडिट (लोन) देगा, जिससे वहां की विकास परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा।

हिंद महासागर को अवसरों का महासागर बनाने पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का विजन हिंद महासागर को अवसरों का महासागर बनाना है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा क्षेत्र होना चाहिए जहां समुद्री सुरक्षा के साथ आर्थिक विकास भी हो। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि साझेदारी का आधार किसी देश का आकार नहीं, बल्कि आपसी सम्मान और भरोसा होना चाहिए। यही भारत के महासागर विजन की मूल भावना है।

‘सेशेल्स की रक्षा और सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत और सेशेल्स की रक्षा और सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।” उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने, उद्योगों के बीच नए अवसर तलाशने तथा कनेक्टिविटी बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही भारत अपने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का सफल अनुभव सेशेल्स के साथ साझा करेगा।

समुद्री सुरक्षा पर एक साथ

राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने भी कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा भारत और सेशेल्स के संबंधों का अहम आधार है। दोनों देशों ने समुद्री डकैती, ड्रग तस्करी, अवैध मछली पकड़ने और सीमा पार अपराधों के खिलाफ मिलकर काम करने की बात दोहराई।

19 समझौतों में कई अहम क्षेत्र शामिल

विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि, अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग में सहयोग, UPI आधारित डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू करने, EXIM बैंक की लाइन ऑफ क्रेडिट और नए राष्ट्रीय अस्पताल की तैयारी से जुड़े समझौतों सहित कुल 19 समझौते और नई पहलें घोषित की गईं। इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के रणनीतिक और विकासात्मक सहयोग को बढ़ाना है।

भारत देगा पेट्रोल वेसल, वाहन और नौकाएं

भारत ने सेशेल्स को एक फास्ट पेट्रोल वेसल उपहार में देने की घोषणा की। इसके साथ 10 यूटिलिटी वाहन और 5 लेजर रेडियल क्लास बोट्स भी सौंपे जाएंगे। बैठक के दौरान सेशेल्स कोस्ट गार्ड के पीएस जोरोस्टर जहाज की मरम्मत पूरी होने और डोर्नियर विमान के अपग्रेडेशन की जानकारी भी शेयर की गई।

एंबुलेंस, चावल और सीमेंट देने का भी ऐलान

भारत ने सेशेल्स को 6 एंबुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट देने की भी घोषणा की। इसे दोनों देशों के बीच सहयोग और भरोसे को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने पर एक स्मारक लोगो भी लॉन्च किया गया, जो दोनों देशों की लंबे समय से चली आ रही मित्रता का प्रतीक है।

UPI और जन औषधि योजना को मिलेगा बढ़ावा

डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए नेशनल पेमेंट कॉपरेशन ऑफ इंडिया, इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड और सेंट्रल बैंक ऑफ सेशेल्स के बीच समझौता हुआ। इसके जरिए सेशेल्स में UPI आधारित भुगतान प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में HLL लाइफ केयर और सेशेल्स के स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच जन औषधि योजना के तहत भारतीय दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी समझौता किया गया।

Read More:

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आज 8 आरोपियों की कोर्ट में पेशी, पुलिस मांगेगी रिमांड, अयोध्या के वकीलों का केस लड़ने से इनकार

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments