पटना(Patna) जिले के मनेर स्थित उप डाकघर परिसर में चल रहे पासपोर्ट सेवा कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इससे पहले पटना सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिलने की खबर सामने आई थी। ताजा मामले में धमकी भरा ईमेल मिलने के तुरंत बाद डाकघर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। जानकारी के मुताबिक, डाक अधीक्षक (पासपोर्ट) के आधिकारिक ईमेल पर एक संदिग्ध संदेश भेजा गया था।
संदेश में कार्यालय को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। ईमेल सामने आते ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे डाकघर परिसर को खाली करा दिया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई।
बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा
धमकी की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा टीमों को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने पूरे परिसर की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बरत रही है।
ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस की साइबर टीम धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि संदेश भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में इस तरह की धमकी को किसी शरारती तत्व की हरकत होने की आशंका से भी देखा जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।