वाराणसी में मीट, मांस और मछली कारोबार को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। नगर निगम की सदन बैठक में शहर के भीतर चल रही इन दुकानों को चरणबद्ध तरीके से शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई।
सदन बैठक में मिली मंजूरी
नगर निगम की सदन बैठक में इस प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी दी गई। इसे मेयर अशोक कुमार तिवारी के अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान मंजूरी दी गई। साथ ही, बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने योजना का विस्तृत खाका सदन के सामने रखा और इसके उद्देश्यों व संभावित लाभों की जानकारी दी।
शहर के बाहर बनेंगे मीट मार्केट
नगर निगम की योजना के अनुसार शहर की सीमा के बाहर आधुनिक सुविधाओं से लैस मीट और मछली बाजार विकसित किए जाएंगे। पहले चरण में रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्रों को इसके लिए चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर व्यवस्थित दुकानों, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।
स्वच्छता और ट्रैफिक सुधार पर फोकस
अधिकारियों का कहना है कि शहर के घनी आबादी वाले इलाकों से मीट और मछली की दुकानों को बाहर स्थानांतरित करने से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही कई प्रमुख बाजारों और सड़कों पर होने वाली भीड़ और यातायात जाम की समस्या को भी कम किया जा सकेगा।
कारोबारियों को मिलेगी बेहतर व्यवस्था
नगर निगम का दावा है कि यह कदम केवल शहर की सफाई के लिए ही नहीं, बल्कि कारोबारियों के हित में भी है। नए मीट मार्केट में दुकानदारों को एक व्यवस्थित और सुविधाजनक कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जहां ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
Read More
प्रोफेसर मर्डर केस में दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा, 4 राज्यों में महा-ऑपरेशन चलाने के बाद बंगाल से खूंखार पति-पत्नी किए गिरफ्तार