नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तुर्की एयरलाइंस के एक विमान के लैंडिंग के दौरान टायर में आग लग गई। हालांकि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया और विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट TK-726 इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची थी। विमान के उतरते समय उसके दाहिने लैंडिंग गियर के टायर में अचानक आग लग गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया।
फायर ब्रिगेड ने तुरंत पाया आग पर काबू
एयरपोर्ट सुरक्षा के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और फायर इंजन की मदद से आग बुझा दी गई। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री या क्रू सदस्य को नुकसान नहीं पहुंचा। विमान से सभी लोगों को आपातकालीन प्रक्रिया के तहत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
विमान में 278 यात्री थे सवार
अधिकारियों के अनुसार, विमान में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य मौजूद थे। बताया जा रहा है कि यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल थे। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई तथा संबंधित क्षेत्र को खाली करा लिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विमान के दाहिने लैंडिंग गियर से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं। वहीं यात्रियों को आपातकालीन दरवाजों के जरिए बाहर निकाला गया। घटना के दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल देखा गया।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल एयरलाइन कंपनी और एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। तकनीकी टीम विमान की जांच कर रही है ताकि आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा सके।
Read More
लखनऊ में धर्मांतरण का गंदा खेल,’सौरभ’ बनकर हिंदू युवतियों को प्रेम जाल में फंसाता था शोएब

