HomeBreaking Newsगर्लफ्रेंड की शादी कहीं और तय होने पर आशिक ने उठाया खौफनाक...

गर्लफ्रेंड की शादी कहीं और तय होने पर आशिक ने उठाया खौफनाक कदम, मिलने के बहाने बुलाकर घाटी में दिया धक्का

महाराष्ट्र(Maharashtra) के कोल्हापुर जिले से हत्या का एक गंभीर मामला सामने आया है। भूदरगढ़ तहसील के शिवदाव-नाइकवाड़ी इलाके में एक युवती की कथित तौर पर घाटी में धक्का देकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान तरन्नुम बशीर नाइक के रूप में हुई है जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। इस मामले में उसके प्रेमी श्रीपाद दिनकर वडर पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस निरीक्षक संदीप जगताप के अनुसार, तरन्नुम और श्रीपाद के बीच करीब पांच साल से प्रेम संबंध थे।

इसी दौरान तरन्नुम के परिवार ने उसकी शादी किसी दूसरे युवक से तय कर दी। बताया जा रहा है कि इसके बाद तरन्नुम ने श्रीपाद के फोन उठाना बंद कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने तरन्नुम को मिलने के बहाने बुलाया। इसके बाद वह उसे शिवदाव-नाइकवाड़ी इलाके की घाटी के पास ले गया, जहां कथित तौर पर उसे नीचे धक्का दे दिया। इस घटना में युवती की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती को घाटी में धकेलने की बात स्वीकार की है।

युवती के लापता होने के बाद शुरू हुई जांच

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को तरन्नुम के अचानक लापता होने पर उसके परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। शुरुआत में पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में आरोपी ने घटना को आत्महत्या के रूप में पेश करने की कोशिश की। हालांकि, पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की पड़ताल आगे बढ़ाई।

रेस्क्यू टीम ने घाटी से निकाला शव

तरन्नुम की तलाश के दौरान भूदरगढ़ पुलिस और सह्याद्री रेस्क्यू टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान घाटी से युवती का शव बरामद किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में मामले में अपहरण का केस दर्ज किया गया था। अब हत्या से संबंधित धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें : पहले कंचे फेंककर देखते थे घर में कौन, फिर करते थे डकैती! फरीदाबाद में ‘गुलेल गैंग’…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments