पश्चिमी दिल्ली के इंद्रपुरी(Inderpuri) थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक और संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, वीणा नाम की एक महिला की उसके घर की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। शुरुआती तौर पर इसे एक हादसा बताया जा रहा था लेकिन मृतका के मायके पक्ष ने इस पूरी घटना को हत्या का मामला बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों का कहना है कि वीणा की शादी लगभग चार साल पहले राजू नामक व्यक्ति से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे लगातार ससुराल पक्ष की तरफ से दबाव और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। परिवार का आरोप है कि दहेज और अन्य मांगों को लेकर उसे बार-बार परेशान किया जाता था। इसके अलावा, उसके पति और देवरों पर मारपीट और गाली-गलौज करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
देवर अक्सर करता था रंग का अपमान
सबसे गंभीर आरोप यह है कि वीणा के देवर अक्सर उसके रंग-रूप को लेकर अपमानजनक बातें करते थे। परिजनों के अनुसार, वह उसे ताने देते हुए कहते थे कि “तुम काली हो, मेरी होने वाली पत्नी तुमसे ज्यादा सुंदर होगी।” इस तरह की बातें वीणा को मानसिक रूप से बेहद आहत करती थीं और वह अंदर ही अंदर टूटती जा रही थी।
परिजनों ने यह भी बताया कि घटना से कुछ समय पहले वीणा अपनी बड़ी बहन के संपर्क में थी। उस दिन मंगलवार रात उसने फोन कर रोते हुए अपनी परेशानी साझा की थी। बातचीत के दौरान उसने कहा था कि उसे डर लग रहा है और शायद यह उसकी आखिरी बातचीत हो सकती है। उसने अपनी बहन से यह भी अनुरोध किया था कि वह उसके छह महीने के छोटे बच्चे का ध्यान रखे। इसके कुछ ही समय बाद कॉल अचानक कट गया।
मौत की खबर से मचा कोहराम
इसके बाद स्थिति और गंभीर हो गई जब वीणा के परिवार को उसके देवर का फोन आया जिसमें बताया गया कि वह छत से गिर गई है। यह सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत मौके की ओर रवाना हो गए। मृतका के परिजन इसे साधारण दुर्घटना मानने से इनकार कर रहे हैं। उनका साफ कहना है कि यह एक सुनियोजित साजिश हो सकती है और उनकी बेटी की हत्या की गई है। वे आरोप लगा रहे हैं कि दहेज की मांग और लगातार हो रही प्रताड़ना के चलते ही वीणा की जान गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। पुलिस ने इस मामले में पति और देवर को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। स्थानीय प्रशासन ने भी इस मामले में एसडीएम स्तर की जांच के आदेश दिए हैं ताकि मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके।
महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने मुंबई में डोमिनोज़ पिज़्ज़ा के तीन आउटलेट्स के फ़ूड-बिज़नेस लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। ये कार्रवाई तब...