IMD Weather Update: देश के ज्यादातर हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून एक्टिव बना हुआ है, जिससे लगातार बारिश हो रही है। IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, आज 2 जुलाई को देश के करीब 19 राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गुरुवार सुबह बारिश दर्ज की गई है।
मॉनसून तेजी से बढ़ रहा आगे
IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले दो दिनों में इसके गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों के साथ-साथ पंजाब और राजस्थान के कई दूसरे इलाकों तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून एक्टिव होने की वजह से कई राज्यों में बारिश जारी रहेगी।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत उत्तरी भारत के कई राज्यों और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
कम दबाव और ट्रफ का असर
IMD ने बताया कि इस समय पंजाब से लेकर उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसके अलावा एक ट्रफ दक्षिणी गुजरात से कर्नाटक तक फैला हुआ है, जिसका असर भी कई राज्यों के मौसम पर देखने को मिल रहा है।
महाराष्ट्र और तटीय इलाकों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण गुजरात, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। वहीं तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। IMD ने महाराष्ट्र के विशेष रूप से घाट क्षेत्रों और मुंबई के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
मध्य भारत और पहाड़ों में भी बरसेंगे बादल
IMD के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में 2 जुलाई को अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कई इलाकों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का अनुमान है। IMD ने कहा है कि दिल्ली में सुबह हुई बारिश के बाद शाम तक कई जगहों पर हल्की और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के साथ आंधी चल सकती है।
Read More:

