HomeBreaking Newsआसमान से बरस रही आग, भट्टी की तरह तप रही धरती... UP...

आसमान से बरस रही आग, भट्टी की तरह तप रही धरती… UP में 48°C पारा, दिल्ली-पंजाब-हरियाणा में IMD का हीटवेव अलर्ट

IMD Heatwave Alert: पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। कई राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और आसपास के राज्यों में अगले पांच दिनों तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की है। दोपहर के समय हालात ऐसे हैं मानो आसमान से आग बरस रही हो और लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

दिल्ली में अभी राहत के आसार नहीं

राजधानी दिल्ली में गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं 23 से 26 मई के बीच भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को फिलहाल राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।

UP में हालात सबसे ज्यादा खराब

UP में गर्मी ने लोगों का रहना मुश्किल कर दिया है। बुधवार को बांदा जिले में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा। यह तापमान न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिन तक भीषण गर्मी जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने पहले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट और उसके बाद ज्यादा गर्मी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पंजाब-हरियाणा भी लू की चपेट में

हरियाणा और पंजाब में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। हरियाणा के रोहतक और पंजाब के भटिंडा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दोनों राज्यों में लगातार गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पहाड़ी राज्यों में हल्की राहत

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जहां गर्मी लोगों को झुलसा रही है, वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान के कारण कुछ राहत देखने को मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि मैदानी क्षेत्रों में अगले कुछ दिन तक गर्मी का असर बना रहेगा।

इन राज्यों के लिए भी चेतावनी जारी

IMD ने उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई हिस्सों के लिए हीटवेव और गर्म रातों को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 से 26 मई तक गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। इसके अलावा ओडिशा , तेलंगाना , आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 22 से 24 मई तक लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि ओडिशा और यूपी में रात के समय भी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

कई शहरों में 40 डिग्री के पार तापमान

मौसम विभाग के के मुताबिक दिल्ली, लखनऊ, कानपुर और वाराणसी समेत कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। कानपुर में 46 डिग्री, भोपाल में 43 डिग्री, जयपुर और जोधपुर में 42 डिग्री, जबकि पटना और देहरादून में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को सतर्क रहने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

Read More:

भोजशाला विवाद पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, मुस्लिम पक्ष ने हाई कोर्ट के फैसले को दी चुनौती

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments