CM Yogi Deoria Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को देवरिया दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भीमपुर गौरा के पास पोखरभिंडा में आयोजित जनसभा में जिले को 655.45 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम में कुल 19 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें 8 परियोजनाओं का लोकार्पण और 11 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
116 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनकी कुल लागत 116.54 करोड़ रुपये है। वहीं 538.91 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:25 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर तीन बड़े जर्मन हैंगर पंडाल तैयार कराए हैं।
भीषण गर्मी को देखते हुए खास इंतजाम
देवरिया में पड़ रही तेज गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने मुख्यमंत्री के लिए विशेष व्यवस्था की है। हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक उनके साथ छाता लेकर चलने के लिए एक दारोगा की खास ड्यूटी लगाई गई है। इसके लिए पुलिस लाइन से खास छाता उपलब्ध कराया गया है। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, टेंट, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है।
देवरिया-कसया मार्ग सबसे बड़ी परियोजना
मुख्यमंत्री जिन योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनमें 292.07 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला देवरिया-कसया मार्ग चौड़ीकरण सबसे अहम काम माना जा रहा है। इसके अलावा देवरिया-हाटा मार्ग के चौड़ीकरण पर 74.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सड़कों- पुलों के निर्माण को मंजूरी
सोन्हुआ रामनगर-देसही देवरिया मार्ग, हेतिमपुर संपर्क मार्ग पर नए पुल का निर्माण और बघौचघाट-पकहां मार्ग स्थित खनुआ नाला पर समानांतर पुल निर्माण कार्य का भी शिलान्यास होगा। इसके अलावा पिपरपाती-पड़री मल्ल-राउतपार-बैकुंठपुर-मधवापुर मार्ग, बैकुंठपुर-नूनखार मार्ग और भिखमपुर-देवरिया-करहकोल मार्ग के चौड़ीकरण का काम भी शुरू कराया जाएगा।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग को सौगात
मुख्यमंत्री नवीन पुलिस थाना महुआडीह के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास भवन का उद्घाटन भी होगा। डिघवा पौटवा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को भी जनता को समर्पित किया जाएगा।
पशुपालकों को मिलेगी आधुनिक सुविधा
देवरिया सदर स्थित पशु चिकित्सालय में मॉडर्न वेटेनरी क्लीनिक का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री करेंगे। इससे जिले के पशुपालकों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं खुखुंदू-नूनखार-भटनी मार्ग और भटनी-बलुआ अफगान मार्ग चौड़ीकरण परियोजनाओं का भी लोकार्पण होगा।
पथरदेवा विधानसभा को सबसे ज्यादा परियोजनाएं
पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र को कुल 475.10 करोड़ रुपये की 8 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। इनमें 25.86 करोड़ रुपये की 3 परियोजनाओं का लोकार्पण और 449.24 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण, संपर्क मार्ग और आधारभूत ढांचे से जुड़े कई काम किए जाएंगे।
रामपुर कारखाना और देवरिया सदर को बड़ी सौगात
रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र में 82.94 करोड़ रुपये की 4 परियोजनाएं शुरू होंगी। इनमें 66.55 करोड़ रुपये की 2 परियोजनाओं का लोकार्पण और 16.39 करोड़ रुपये की 2 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। वहीं देवरिया विधानसभा क्षेत्र को 97.41 करोड़ रुपये की 7 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। कार्यक्रम स्थल पर बम निरोधक दस्ता और अन्य एजेंसियों ने जांच अभियान चलाया है। सिद्धार्थनगर और कुशीनगर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को बुलाया गया है। इसके अलावा कई जिलों से क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। गैर जनपद से 12 इंस्पेक्टर समेत करीब 250 पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है, जबकि जिले के करीब 750 पुलिसकर्मी भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
Read More:

