HomeBreaking Newsस्वाइन फ्लू की चपेट में राजस्थान के कृषि मंत्री, दिल्ली में 2300...

स्वाइन फ्लू की चपेट में राजस्थान के कृषि मंत्री, दिल्ली में 2300 के पार केस… देश में कितना फैल चुका है H1N1 फ्लू?

H1N1 Cases: देश के कई हिस्सों में स्वाइन फ्लू (H1N1) और इन्फ्लूएंजा के मामलों में तेजी के बीच राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा भी संक्रमित हो गए हैं। स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार देर रात उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया। मीणा ने कुछ दिन पहले स्वाइन फ्लू का टेस्ट कराया था।

डॉक्टरों ने लोगों से दूर रहने की दी सलाह

संक्रमण को देखते हुए डॉक्टरों ने मंत्री को लोगों और परिवार के सदस्यों से मिलने से बचने की सलाह दी है। SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि मीणा का इलाज स्वाइन फ्लू प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। जरूरी टेस्ट कराए जा रहे हैं और मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. महेंद्र अग्रवाल की निगरानी में गठित टीम उनकी सेहत पर नजर रख रही है।

दिल्ली-NCR में तेजी से बढ़े मामले

दिल्ली-NCR में H1N1 संक्रमण के मामलों में इस साल पिछले साल की तुलना में करीब 8 गुना बढ़ोतरी बताई जा रही है। पिछले साल इसी अवधि में 229 मामले दर्ज हुए थे, जबकि दिल्ली में फ्लू के मामले अब तक 2308 तक पहुंच चुके हैं। नोएडा में भी 100 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। हालांकि ज्यादातर मरीजों में संक्रमण हल्का बताया जा रहा है, लेकिन बुजुर्गों और हाई रिस्क मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

खांसी-बुखार को न करें नजरअंदाज

डॉक्टरों के अनुसार खांसी, बुखार, गले में खराश और शरीर में तेज दर्द H1N1 फ्लू के प्रमुख लक्षणों में शामिल हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर डॉक्टर से सलाह लेने की जरूरत है। हाथों की सफाई, मास्क और सामान्य स्वच्छता का ध्यान रखना भी जरूरी बताया गया है।

केरल और कर्नाटक में भी बड़ी संख्या

केरल में इस साल इन्फ्लूएंजा के 7400 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इसमें मौतों के आंकड़े भी शामिल हैं। वहीं, कर्नाटक में जनवरी से अब तक 4000 से अधिक मामले सामने आए हैं। हालांकि, राज्य में ज्यादातर मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और एक्टिव केसों की संख्या काफी कम रह गई है।

महाराष्ट्र समेत इन राज्यों में भी बढ़ा संक्रमण

महाराष्ट्र में 300 से ज्यादा H1N1 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा उत्तराखंड, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी संक्रमण के मामलों में तेजी देखी जा रही है। इससे कई राज्यों में स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी है।

ICMR ने मामलों में गिरावट की बात कही

ICMR के मुताबिक, देश में H1N1 के मामले कुछ समय पहले बढ़े थे, लेकिन अब इनमें धीरे-धीरे कमी आने लगी है। दिल्ली में भी पिछले चार-पांच सप्ताह के दौरान संक्रमण के मामले अधिक रहे, हालांकि पिछले करीब दो सप्ताह में गिरावट दर्ज की गई है। इस सप्ताह के आंकड़ों का अभी इंतजार है। राजधानी में अब तक करीब 650 फ्लू के मामले दर्ज किए गए हैं।

दिल्ली सरकार ने जारी की एडवाइजरी

फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी की है। लोगों से सांस संबंधी स्वच्छता अपनाने, भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने और लक्षण दिखाई देने पर समय पर डॉक्टर की सलाह लेने की अपील की गई है। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने तथा हाथों को साबुन और पानी से लगातार धोने की सलाह दी गई है।

मास्क और स्वच्छता पर जोर

सरकार ने भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों के नजदीकी संपर्क से बचने को कहा है। इसके अलावा आंखों और नाक को बार-बार छूने से बचने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है।

Read More:

‘लेक ओंटारियो का नाम बदलकर लेक अमेरिका करेंगे’ ट्रेड वॉर के बीच ट्रंप ने फिर साधा कनाडा पर निशाना

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments