Gujarat Accident: गुजरात के कच्छ जिले के खावड़ा सोलर पार्क इलाके में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। खावड़ा पुलिस चेकपोस्ट से सोलर पार्क की ओर जाने वाले रास्ते पर बोलेरो और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे में बोलेरो सवार 7 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की खबर है।
बोलेरो में 15 से अधिक कामगार थे
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में 15 से अधिक कामगार सवार थे। बताया जा रहा है कि ट्रेलर ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मृतकों के शवों को खावड़ा लाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भुज ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सोलर पार्क में पहला बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि खावड़ा सोलर पार्क में इस तरह का यह पहला बड़ा हादसा है। देर रात हुई इस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक चीख-पुकार का माहौल रहा। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बोलेरो और ट्रेलर की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
भावनगर में भी सात लोगों की हुई थी मौत
गुजरात में कुछ दिन पहले ही इसी तरह का एक और दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। भावनगर जिले में एक तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई थी। यह हादसा भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे पर तलाजा तालुका के त्रापाज गांव के पास हुआ था। उस दुर्घटना में भी बोलेरो सवार 7 लोगों की मौत हुई थी।
शिपयार्ड में काम करने जा रहे थे मृतक
भावनगर हादसे को लेकर पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने बताया था कि मृतक भावनगर से अलंग जा रहे थे, जहां वे एक शिपयार्ड में काम करते थे। हादसे के बाद पुलिस ने बोलेरो के अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया था।
गुजरात में लगातार सामने आ रहे गंभीर हादसे
खावड़ा की ताजा दुर्घटना और भावनगर के हादसे में एक समानता यह रही कि दोनों घटनाओं में बोलेरो वाहन और ट्रेलर की टक्कर हुई और सात-सात लोगों की जान चली गई। खावड़ा हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे की पूरी तस्वीर जांच और अन्य आधिकारिक जानकारियां सामने आने के बाद स्पष्ट होगी।
Read More:
दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें हुईं कैंसिल, 10 अक्टूबर तक नो एंट्री, रेलवे ने क्यों लिया ये बड़ा फैसला?

