Elon Musk XChat: टेक दुनिया में बड़ा बदलाव करते हुए एलन मस्क की कंपनी X (पूर्व में ट्विटर) ने नया स्टैंडअलोन मैसेजिंग ऐप XChat लॉन्च कर दिया है। फिलहाल यह ऐप केवल iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध है। इस लॉन्च के साथ कंपनी ने साफ संकेत दिया है कि वह अब मैसेजिंग ऐप्स की दुनिया में भी मजबूत दावेदारी पेश करने जा रही है।
ऐप में चैट, कॉल और शेयरिंग की सुविधा
XChat के जरिए यूजर्स अपने X कॉन्टैक्ट्स के साथ टेक्स्ट मैसेजिंग, ऑडियो और वीडियो कॉलिंग, ग्रुप चैट और फाइल शेयरिंग जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह ऐप यूजर एक्सपीरियंस को आसान और तेज बनाने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है।
प्राइवेसी फीचर्स पर दिया गया खास ध्यान
इस ऐप में यूजर्स की सुरक्षा और गोपनीयता को प्राथमिकता दी गई है। इसमें डिसअपियरिंग मैसेज, मैसेज को एडिट और सभी के लिए डिलीट करने का विकल्प, साथ ही स्क्रीनशॉट ब्लॉक करने जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि ऐप में न तो ट्रैकिंग है और न ही किसी प्रकार के विज्ञापन।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से मिलेगी टाइट सिक्योरिटी
XChat में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन और पिन आधारित सिक्योरिटी दी गई है, जिससे यूजर्स का डेटा सुरक्षित रहता है। इन फीचर्स को देखते हुए यह ऐप सीधे तौर पर WhatsApp और Facebook Messenger जैसे प्लेटफॉर्म्स को चुनौती देने की तैयारी में है।
फिलहाल यह ऐप iOS यूजर्स के लिए जारी किया गया
अभी यह ऐप केवल iOS यूजर्स के लिए जारी किया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भी लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी के अधिकारी बेनजी टेलर ने संकेत दिया है कि ऐप में जल्द ही और नए फीचर्स जोड़े जाएंगे।
बदली रणनीति की झलक
पहले एलन मस्क X को एक ‘एवरीथिंग ऐप’ बनाने की दिशा में काम कर रहे थे, जिसमें पेमेंट, शॉपिंग और मैसेजिंग जैसी सभी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलें। लेकिन अब कंपनी अलग-अलग ऐप्स के जरिए अपने इकोसिस्टम को मजबूत करने की रणनीति पर काम करती नजर आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी एक अलग पेमेंट सिस्टम पर भी काम कर रही है, जिसे अभी लॉन्च नहीं किया गया है। XChat के आने से मैसेजिंग ऐप्स के बीच कम्पीटशन और तेज होने की उम्मीद है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह नया ऐप WhatsApp जैसे बड़े प्लेटफॉर्म को कितनी कड़ी चुनौती दे पाता है।
Read More:
चारधाम यात्रा को लेकर फेक वीडियो बनाने वालों पर कड़ा एक्शन, 4 के खिलाफ FIR दर्ज

