Char Dham Yatra: केदारनाथ और बद्रीनाथ के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड में चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के खुलते ही श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। शुरुआती दिनों में ही दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अकेले केदारनाथ धाम में करीब 1.10 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जबकि पहले दिन ही 38 हजार लोगों ने दर्शन किए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
यात्रा के साथ ही सोशल मीडिया पर कई वीडियो और रील्स तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें अव्यवस्था, भारी भीड़ और वीआईपी कल्चर के आरोप लगाए जा रहे हैं। कुछ क्लिप्स में श्रद्धालुओं की बेकाबू भीड़, एग्जिट गेट से एंट्री, लाइन तोड़ने और धक्का-मुक्की के दृश्य सामने आए हैं। एक वीडियो में सुरक्षा कर्मी को भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठी चलाते हुए दिखाया गया है। एक अन्य वायरल वीडियो में साधु के भेष में एक व्यक्ति को एक छोटे बच्चे के साथ मारपीट करते हुए दिखाया गया। वीडियो में पिता को बच्चे को उकसाने और गाली-गलौज करने के लिए प्रेरित करते देखा गया। पुलिस ने इस मामले को सुलझा लिया है, लेकिन इससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इन वायरल वीडियो और दावों को लेकर उत्तराखंड सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रशासन का कहना है कि कुछ लोग जानबूझकर रील्स के जरिए गलत और बढ़ा-चढ़ाकर जानकारी फैला रहे हैं। ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए रुद्रप्रयाग में अब तक 4 यूट्यूबर और इंस्टाग्राम यूजर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि, ये FIR फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई हैं।
सीएम धामी ने की खास अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और यात्रा को सुगम बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यात्रा में किसी तरह की कोई बड़ी समस्या नहीं है और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।
लगातार हो रहा निरीक्षण
यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार सक्रिय हैं। केदारनाथ धाम में डीएम विशाल मिश्रा और एसपी निहारिका तोमर खुद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारी लगातार ग्राउंड लेवल पर निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
Read More:

