पंजाब पुलिस ने राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रदेश में कई स्थानों पर रेड करते हुए राज्यभर में सख्त ऑपरेशन चलाया। इस अभियान के दौरान कुल 552 जगहों पर छापेमारी की गई, जबकि 243 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 4 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया।
30 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ शुरू किए गए इस विशेष अभियान में अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 30,964 तक पहुंच चुकी है। पुलिस का कहना है कि राज्य में अपराध और गैंगवार पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
सुरक्षित पंजाब बनाने का दावा
पंजाब पुलिस ने कहा कि गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करना और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संगठित अपराध, हथियार तस्करी और गैंगवार में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।
पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
पंजाब पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है। किसी भी गैंगस्टर गतिविधि या संदिग्ध जानकारी को गुमनाम तरीके से साझा करने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है।
Read More

