Auraiya Liquor Smuggling: औरैया में पुलिस ने शराब तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अजीतमल पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक लोडर से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 80 पेटियां बरामद हुई हैं। शराब की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा लोडर की कीमत करीब 15 लाख रुपये है। आरोपी शराब को दवाइयों की आड़ में डाक पार्सल के रूप में ले जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया लोडर
एएसपी आलोक मिश्रा ने रविवार शाम 4 बजे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि धनतेरस और दीपावली से पहले जिले में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान अजीतमल पुलिस और स्वाट-सर्विलांस की संयुक्त टीम अनंतराम टोल प्लाजा पर जांच कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि डाक पार्सल लिखे लोडर में दवाइयों के साथ शराब ले जाई जा रही है।
तलाशी में शराब की 80 पेटियां और दवाइयों के 83 पैकेज
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-19 पर इटावा-औरैया मार्ग के अजीतमल कस्बे में भटा रोड के पास सर्विस रोड पर लोडर को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 80 पेटियां और दवाइयों के 83 पैकेज बरामद हुए। पुलिस को दवाइयों से संबंधित चालान, रसीद और बिल भी मिले। बरामदगी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
चंडीगढ़ से शराब खरीदकर बिहार में बेचता था
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकुमार (30) पुत्र प्रेमचंद्र निवासी महादेव पूर्वा, थाना इंदरगढ़, जिला कन्नौज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रामकुमार ने बताया कि वह शक से बचने के लिए डाक पार्सल लिखे लोडर में दवाइयों की आड़ लेकर कई बार शराब ले जा चुका है। वह चंडीगढ़ से सस्ती शराब खरीदता था और उसे बिहार में महंगे दाम पर बेचता था।
बिहार में दो बार जेल जाने की बात
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में मोतिहारी और मुजफ्फरपुर में दो बार जेल जाने की बात भी कही है। पुलिस अब इस जानकारी की जांच कर रही है और आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
इस मामले में अजीतमल थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद शराब, वाहन और दवाइयों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह और ऊंचा चौकी प्रभारी रामबालक सिंह समेत पुलिस टीम शामिल रही।
Read More:
अयोध्या दीपोत्सव के लिए जमीन से आसमान तक सुरक्षा सख्त, ATS और ड्रोन टीम तैनात

