Thursday, February 12, 2026
HomeCurrent Newsमुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की घोषणा- लाडवा को मॉडल विधानसभा बनाएगी...

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की घोषणा- लाडवा को मॉडल विधानसभा बनाएगी हरियाणा सरकार

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडवा हल्का को मॉडल विधानसभा के रूप में विकसित करने के लिए सरकार योजना बना रही है और इस योजना के अनुसार धीरे-धीरे लाडवा को विकसित करने का काम किया जाएगा। इस हल्का के हर गांव और वार्डों का लोगों के सुझावों के अनुसार विकास किया जाएगा और नागरिकों की सभी सामूहिक मांगों को सबसे पहले पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री मंगलवार को देर सायं लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव मथाना व लाडवा में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रमों में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री का गांव मथाना व लाडवा में पहुंचने पर लोगों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गांव मथाना के विकास के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा करने के साथ-साथ और लाडवा व मथाना की सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा हल्का के नागरिकों के आशीर्वाद से प्रदेश के लोगों की सेवा करने की उन्हें दूसरी बार और प्रदेश सरकार को तीसरी बार सेवा करने का अवसर मिला है। अब सरकार नॉन स्टॉप गति से लाडवा के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश का विकास करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने का काम किया जाएगा और इस प्रदेश के हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने पिछले 10 सालों में समाज के अंतिम व्यक्ति की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाने का काम किया है। सरकार ने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 30-30 गज के 15430 प्लाट देने का काम किया है और अन्य योग्य प्रार्थियों को भी जल्द प्लाट की सौगात दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हर श्रेणी के व्यक्ति को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए का निशुल्क इलाज व निशुल्क डायलिसिस की सुविधा भी प्रदान की है, जबकि पिछली सरकारों ने लोगों को लूटने का काम किया है।

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने लाडवा के नागरिकों का मुख्यमंत्री को जीताने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बागडोर संभालने के बाद लगातार 24 घंटे लोगों की सेवा में लगे हुए हैं। इस कार्यशैली की प्रधानमंत्री ने स्वयं तारीफ की है। अब मुख्यमंत्री के प्रयासों से लाडवा एक मॉडल विधानसभा के रूप में विकसित होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments