Beaver Moon 2026: आसमान में चांद को देखने के शौकीनों के लिए 24 नवंबर 2026 की रात खास होने वाली है। आज नवंबर की पूर्णिमा यानी ‘बीवर मून’ दिखाई देगा, जिसे इस साल सुपरमून भी कहा जा रहा है। बीवर मून कोई अलग खगोलीय घटना नहीं, बल्कि नवंबर में पड़ने वाली पूर्णिमा का पारंपरिक नाम है। उत्तरी गोलार्द्ध में सर्दियों की शुरुआत के आसपास आने वाले इस पूर्ण चंद्रमा को अंग्रेजी में ‘Full Beaver Moon’ कहा जाता है।
भारत में मंगलवार शाम चंद्रोदय के समय इसका नजारा खास हो सकता है। पूर्वी क्षितिज पर उगता चांद सुनहरा या नारंगी रंग लिए बड़ा दिखाई दे सकता है। इस बार चंद्रमा पृथ्वी के अपेक्षाकृत करीब होने के कारण सामान्य पूर्णिमा की तुलना में ज्यादा चमकीला और बड़ा नजर आने की उम्मीद है।
बीवर मून को सुपरमून क्यों कहा जा रहा है?
इस पूर्णिमा के दौरान चंद्रमा पृथ्वी से करीब 3,60,768 किलोमीटर की दूरी पर होगा। ऐसे में यह औसत पूर्णिमा के चांद की तुलना में लगभग 6.5 प्रतिशत बड़ा दिखाई दे सकता है।
जब पूर्णिमा के दौरान चंद्रमा अपनी कक्षा में पृथ्वी के सबसे नजदीकी बिंदु यानी पेरिजी के आसपास होता है, तो उसे सुपरमून कहा जाता है। इस बार चांद की पृथ्वी से कम दूरी के कारण इसे सुपरमून की श्रेणी में रखा जा रहा है। जनवरी 2026 के बाद यह पहला सुपरमून है।
हालांकि, सुपरमून की परिभाषा को लेकर खगोल विज्ञान से जुड़ी अलग-अलग संस्थाओं के मानक थोड़े अलग हैं। इसी वजह से कुछ संस्थाएं इस पूर्णिमा को सुपरमून नहीं मान सकती हैं।
कैसे पड़ा बीवर मून नाम?
नवंबर की पूर्णिमा को बीवर मून कहने की परंपरा प्रकृति और मौसम से जुड़ी है। माना जाता है कि उत्तरी अमेरिका के मूल निवासी समुदाय चंद्रमा के आधार पर महीनों का हिसाब रखते थे और हर पूर्णिमा को उस समय होने वाली प्राकृतिक गतिविधियों के नाम से पहचानते थे। बाद में यूरोपीय बसने वालों ने भी इन नामों को अपनाया।
नवंबर के दौरान बीवर यानी ऊदबिलाव सर्दियों के लिए भोजन जुटाने और अपने घरौंदों में लौटने की तैयारी करते हैं। इसी मौसमी गतिविधि के कारण नवंबर की पूर्णिमा को बीवर मून कहा जाने लगा।
एक अन्य मान्यता के मुताबिक, यह ठंड शुरू होने से पहले बीवर के शिकार का समय होता था। उनकी गर्म फर की खाल की मांग के कारण इस मौसम में शिकार किया जाता था। नवंबर की पूर्णिमा को कुछ परंपराओं में ‘फ्रॉस्ट मून’ यानी पाला चांद भी कहा जाता है।
साल के 12 महीनों की पूर्णिमा के पारंपरिक नाम
पूर्णिमा के नाम अलग-अलग समुदायों और क्षेत्रों की परंपराओं पर आधारित हैं। आमतौर पर साल के 12 महीनों के चंद्रमा को इन नामों से जाना जाता है.
जनवरी – वुल्फ मून: कड़ाके की ठंड के दौरान भेड़ियों की आवाजें सुनाई देने के कारण यह नाम पड़ा।
फरवरी – स्नो मून: फरवरी में भारी बर्फबारी की परंपरा से जुड़ा नाम है।
मार्च – वर्म मून: मौसम बदलने पर जमीन नरम होने और केंचुओं के बाहर आने के कारण इसे वर्म मून कहा जाता है। इसे क्रो मून भी कहते हैं।
अप्रैल – पिंक मून: वसंत में खिलने वाले गुलाबी मॉस फ्लॉक्स फूलों के नाम पर इसे पिंक मून कहा जाता है।
मई – फ्लावर मून: मई में फूलों के खिलने के मौसम के कारण यह नाम पड़ा।
जून – स्ट्रॉबेरी मून: स्ट्रॉबेरी की फसल तोड़ने के समय से जुड़ा नाम है।
जुलाई – बक मून: इस समय नर हिरणों के नए सींग निकलने के कारण इसे बक मून कहा जाता है।
अगस्त – स्टर्जन मून: बड़ी झीलों में स्टर्जन मछली पकड़ने के मौसम से जुड़ा नाम है।
सितंबर – कॉर्न मून: मक्का की फसल काटने के समय के कारण यह नाम पड़ा। शरद विषुव के सबसे करीब आने वाली पूर्णिमा को हार्वेस्ट मून कहा जाता है, जो सितंबर या अक्टूबर में हो सकती है।
अक्टूबर – हंटर्स मून: सर्दियों से पहले शिकार की परंपरा से जुड़ा नाम है।
नवंबर – बीवर मून: बीवर के सर्दियों की तैयारी करके घरौंदों में लौटने के समय से जुड़ा नाम है।
दिसंबर – कोल्ड मून: सर्दियों की ठंडी रातों के कारण यह नाम पड़ा। इस साल दिसंबर की पूर्णिमा 24 दिसंबर को होगी, जिसे साल का आखिरी सुपरमून भी बताया जा रहा है।
बीवर मून देखने के लिए क्या करें?
बीवर मून देखने के लिए दूरबीन या किसी खास उपकरण की जरूरत नहीं है। आप खुली छत, मैदान या ऐसी जगह जा सकते हैं जहां पूर्व दिशा का क्षितिज साफ दिखाई देता हो। चांद निकलने के कुछ समय बाद उसका रंग और आकार देखने का अनुभव खास हो सकता है।
क्षितिज के पास चांद अक्सर बड़ा दिखाई देता है। इसे ‘मून इल्यूजन’ कहा जाता है। यह आंखों और मस्तिष्क की धारणा से जुड़ा एक दृश्य प्रभाव है, न कि चांद के वास्तविक आकार में बदलाव।
Read More:
पिकनिक की खुशियां मातम में बदलीं! बच्चों के लिए रुकी बस को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 4 की मौत

