उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में मतदाता सूची में कथित हेरफेर का मामला सामने आया है। शेरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में बीएलओ की जिम्मेदारी संभाल रहे सहायक अध्यापक नफीस मोहम्मद खान पर 26 हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, शिक्षक ने इस काम में गांव के पूर्व प्रधान के साथ मिलीभगत की थी।
मोहम्मदपुर के वर्तमान प्रधान राहुल गंगवार ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। उनका आरोप है कि प्रधानी चुनाव नजदीक होने के कारण वोटों का महत्व बढ़ गया था। इसी का फायदा पहुंचाने के लिए कथित तौर पर हिंदू समुदाय के 26 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई।
DM ने गठित की तीन सदस्यीय जांच कमेटी
शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के निर्देश दिए। प्रशासन ने उपजिलाधिकारी और विकासखंड अधिकारी समेत तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है, जो पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने नफीस मोहम्मद खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
15 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश
बेसिक शिक्षा विभाग ने खंड शिक्षा अधिकारी फतेहगंज पश्चिमी भानु शंकर गंगवार को विभागीय जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उनसे 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
फिलहाल शिक्षक के निलंबन की कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read More


[…] […]