उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा(Greater Noida) के जेवर इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के एक जवान के साथ बाइक की मामूली टक्कर के बाद तीन युवकों ने कथित तौर पर मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की नुकीली चीज से जवान की नाक पर वार किया जिससे नाक का अगला हिस्सा गंभीर रूप से कट गया। इसके बाद उनकी जांघ पर हथौड़े से भी हमला किया गया। घायल जवान की पहचान अलीगढ़ जिले के बुढ़ाका गांव निवासी रॉकी तालान के तौर पर हुई है।
परिजनों के मुताबिक, रॉकी भारतीय सेना की 5 जाट बटालियन में तैनात हैं और सियाचिन ग्लेशियर बेस कैंप में ड्यूटी कर रहे हैं। वह कुछ समय पहले छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। बताया गया कि बुधवार शाम रॉकी बाइक से जेवर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान आर एंड आर टाउनशिप के पास उनकी मोटरसाइकिल एक अन्य बाइक से टकरा गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी।
तीन युवकों पर हमले का आरोप
आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार युवक ने रॉकी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसके दो साथी भी वहां पहुंच गए। तीनों ने कथित तौर पर जवान को घेरकर पीटा। इसी दौरान नुकीली लोहे की वस्तु से चेहरे पर वार किया गया, जिससे उनकी नाक का हिस्सा कट गया। हमलावरों ने उनके पैर पर हथौड़े से भी चोट पहुंचाई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और गांव के लोगों में नाराजगी है।
जेवर पुलिस के मुताबिक, जवान के परिजनों की लिखित शिकायत मिल चुकी है। घायल का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है और जांच तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।