उत्तर प्रदेश(UP Police) में पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। राज्य सरकार ने 20 IPS अधिकारियों की नई तैनाती की है। इस बदलाव के तहत कई जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं। बस्ती, जौनपुर, बाराबंकी, बलिया, हापुड़, मऊ, गाजीपुर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला आदेश के अनुसार ए. सतीश गणेश को अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं भगवान एस. श्रीवास्तव को अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं बनाया गया है। यशवीर सिंह को बस्ती से हटाकर जौनपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर ओमवीर सिंह को बस्ती का नया SP बनाया गया है। वहीं जौनपुर के SP रहे कुंवर अनुपम सिंह को PAC मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है।
कई जिलों में बदले पुलिस कप्तान
रवीना त्यागी को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से हटाकर बाराबंकी का SP बनाया गया है। बाराबंकी से अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP की जिम्मेदारी दी गई है।
मुजफ्फरनगर के SSP संजय कुमार को 04वीं वाहिनी PAC, प्रयागराज में सेनानायक नियुक्त किया गया है। वहीं हापुड़ के SP कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में DCP बनाया गया है।
बलिया और मऊ में भी बदलाव
ईराज राजा को गाजीपुर से स्थानांतरित कर बलिया का नया SP बनाया गया है। दूसरी ओर मऊ के SP कमलेश बहादुर को पुलिस मुख्यालय में लोक शिकायत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन तबादलों के बाद प्रदेश के कई जिलों में पुलिस प्रशासन की कमान नए अधिकारियों के हाथ में होगी। सरकार के इस फेरबदल के तहत अधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियों के अनुसार तैनाती दी गई है।
[…] यूपी पुलिस में 10 जिलों के बदले कप्तान, 20… […]