मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में मंगलवार को हुई हिंसा ने एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध हथियारबंद उग्रवादियों ने लेइसंगफई गांव के बाहरी इलाके में दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के दौरान कुछ फार्महाउस में भी आग लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों महिलाओं के शव एक सुनसान खेत से बरामद किए गए।
खेत में मिलीं दोनों महिलाओं की लाशें
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि कुकी समुदाय की महिलाएं गांव के अंदरूनी हिस्से में स्थित एक खेत में लकड़ी इकट्ठा करने गई थीं। इसी दौरान हथियारबंद हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय चोंगा सितलहौ और 30 वर्षीय किंबोई सिंगसन के रूप में हुई है। दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। ग्रामीणों ने खेत से शवों को बरामद किया। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि हिंसा के बाद कुछ ग्रामीणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। हमलावरों ने कुछ कच्चे फार्महाउस को भी आग के हवाले कर दिया।
दो दिन पहले भी चार लोगों की हत्या
इससे पहले 13 सितंबर को तामेंगलोंग के टोलेन कुकी गांव में एक घर पर हमला हुआ था। इसमें एक महिला और उसके पति की मौत हो गई, जबकि उनका नवजात बच्चा घायल हो गया था। उसी दिन नोनी जिले के लोंगपी गांव में भी हथियारबंद हमलावरों ने एक महिला और एक पुरुष की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस तरह दो दिनों के भीतर दोनों जिलों में छह लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। चूड़ाचांदपुर के प्रमुख कुकी संगठन ने इन घटनाओं की निंदा की है और कहा है कि न्याय मिलने तक दोनों महिलाओं के शवों को नहीं उठाया जाएगा।
कुकी संगठन ने सरकार से मांगा जवाब
कुकी इनपी मणिपुर ने लगातार हो रहे हमलों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार से सवाल किए हैं। संगठन ने कहा कि निर्दोष कुकी-जो नागरिकों को निशाना बनाए जाने के बावजूद अधिकारियों की चुप्पी चिंता बढ़ा रही है। संगठन का कहना है कि न्याय मिलने तक वह मृत महिलाओं के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाएगा। उसका दावा है कि नागरिकों की सुरक्षा में प्रशासन की विफलता से हालात गंभीर हो रहे हैं। मई 2023 में मेइती और कुकी समुदायों के बीच शुरू हुई जातीय हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत और 49 लोगों के लापता होने की जानकारी दी गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं।
Read More
CM योगी का गोरखपुर को उपहार, चैरिटेबल ब्लड सेंटर की दी सौगात, शाम को कल्याण मंडपम का करेंगे उद्घाटन

