MoU Signed Between MCD and NDDB: दिल्ली में यमुना की सफाई और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) परियोजना के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुए इस समझौते के तहत रोजाना बेकार हो रहे 1,500 मीट्रिक टन गोबर को कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) और जैविक खाद में बदला जाएगा।
यमुना प्रदूषण रोकने की पहल
दिल्ली सरकार के अनुसार, राजधानी में प्रतिदिन लगभग 1,500 मीट्रिक टन गोबर यमुना में बह जाता है। इससे एक ओर यमुना प्रदूषित होती है, वहीं इतनी बड़ी मात्रा में गोबर भी बेकार चला जाता है। नई योजना के लागू होने के बाद इस गोबर का उपयोग स्वच्छ ऊर्जा और जैविक खाद बनाने में किया जाएगा। इससे यमुना की सफाई को मजबूती मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
CM रेखा गुप्ता ने बताया सरकार का लक्ष्य
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “पिछली सरकारों के कार्यकाल में प्रतिदिन 1,500 मीट्रिक टन गोबर यमुना में जाता था। हमारी सरकार ने इसे जीरो पर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।” उन्होंने कहा कि इस पहल से दिल्ली सरकार का यमुना स्वच्छता अभियान मजबूत होगा और गोबर को स्वच्छ ऊर्जा और जैविक खाद में बदला जाएगा। साथ ही गौशालाओं और पशुपालकों को ज्यादा कमाने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी के प्रतिनिधित्व में हमारी सरकार मां यमुना को अविरल और निर्मल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
पशुपालकों और गौशालाओं को मिलेगा लाभ
इस परियोजना से केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं होगा, बल्कि राजधानी की गौशालाओं और पशुपालकों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। अब तक बेकार हो रहा गोबर कमाने का साधन बनेगा, जिससे पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही राजधानी में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में कई बड़े नेता रहे मौजूद
MoU हस्ताक्षर कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के अलावा, माननीय केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी और पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, माननीय उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, दिल्ली नगर निगम के महापौर श्री प्रवेश वाही और संबंधित विभागों के सीनियर अधिकारी भी मौजूद रहे।
Read More:

