Japan PM Takayichi Sanae India Visit: जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची 1 जुलाई से 3 जुलाई तक तीन दिवसीय भारत दौरे पर रहेंगी। 1 जुलाई की शाम वह नई दिल्ली पहुंचेंगी, जहां राष्ट्रपति भवन में उनका स्वागत किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके अलावा वह भारत-जापान व्यापार मंच के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी और 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगी।
सत्ता संभालने के बाद पहली यात्रा
जापान में सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की यह पहली भारत यात्रा है। हालांकि पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सनाए ताकाइची के बीच कई मौकों पर बातचीत और मुलाकात हो चुकी है। हाल ही में फ्रांस के एविएन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के साइडलाइन में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। इससे पहले नवंबर, 2025 में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित G20 शिखर सम्मेलन के दौरान भी दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय बातचीत की थी।
क्यों अहम है यह दौरा?
प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की यह यात्रा भारत और जापान के बीच खास सामरिक एवं वैश्विक साझेदारी को नई मजबूती देने के लिहाज से अहम मानी जा रही है। दोनों देशों के नेता व्यापार, निवेश, आर्थिक सुरक्षा, रक्षा एवं सुरक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और संस्कृति से जुड़े आपसी हित के मुद्दों की समीक्षा करेंगे। भारत और जापान के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध भी इस साझेदारी का अहम आधार माने जाते हैं।
इंडो-पैसिफिक पर रहेगा फोकस
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री सनाए की मुलाकात में मुक्त एवं खुले हिंद प्रशांत (FOIP) की अवधारणा पर भी बातचीत होगी। यह बैठक का प्रमुख एजेंडा माना जा रहा है। भारत और जापान दोनों क्वाड के सदस्य हैं और Free and Open Indo-Pacific की परिकल्पना में दक्षिण एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया को जोड़ने वाले अहम सेतु के रूप में सहयोग को आगे बढ़ा रहे हैं। फरवरी, 2026 में शिलांग में आयोजित किजुना कॉन्कलेव में जापान के विदेश राज्य मंत्री इवाओ हारी ने कहा था कि ‘नॉर्थ ईस्ट भारत का वो क्षेत्र है, जहां प्रधानमंत्री मोदी की एक्ट ईस्ट नीति और जापान की फ्री एंड ओपन इंडो पैसिफिक की परिकल्पना साकार होती है।’
Read More:

