PM Modi Rozgar Mela 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित भी करेंगे और उनसे बातें करेंगे। केंद्र सरकार इस पहल को युवाओं को सरकारी नौकरियों से जोड़ने की दिशा में अहम कदम मान रही है।
किस पर रहेगा सरकार का फोकस?
केंद्र सरकार का कहना है कि रोजगार प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। रोजगार मेले के जरिए भर्ती प्रक्रिया को तेज करने और ईमानदार तरीके से नियुक्तियां देने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इस पहल से युवाओं को समय पर नौकरी मिलने में मदद मिली है और विभिन्न विभागों में खाली पदों को तेजी से भरा जा रहा है।
अब तक 12 लाख युवाओं को मिला लाभ
सरकार द्वारा शुरू किए गए रोजगार मेलों के अब तक 18 चरण पूरे हो चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। केंद्र सरकार का मानना है कि यह अभियान युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी तंत्र को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
47 स्थानों पर होगा आयोजन
19वां रोजगार मेला देश के 47 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान चयनित उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति दी जाएगी।
कई मंत्रालयों में मिलेगी नौकरी
रोजगार मेले के तहत चुने गए युवाओं को रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग समेत कई केंद्रीय मंत्रालयों और संगठनों में नियुक्त किया जाएगा। सरकार का कहना है कि लगातार आयोजित हो रहे रोजगार मेलों से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिल रही है और सरकारी सेवाओं में मानव संसाधन की कमी भी दूर हो रही है।
भर्ती प्रक्रिया में तेजी का दावा
पिछले कुछ सालों में केंद्र सरकार ने विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई है। रोजगार मेले इसी अभियान का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराना और सरकारी नियुक्तियों को समयबद्ध बनाना है।
Read More:

