ओडिशा के गंजम जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लाडकापल्ली चौराहे के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बस और ऑटो रिक्शा के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल एक ही गांव के रहने वाले थे।
टक्कर से ऑटो के उड़ गए परखच्चे
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बस पुरुषोत्तमपुर से बरहामपुर की ओर जा रही थी, जबकि ऑटो रिक्शा यात्रियों को लेकर मां सिंहासिनी मंदिर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर तीन लोगों की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल चार लोगों को पहले कोडाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बाद में बरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
Read More
BSF-ITBP की 11 महिला पर्वतारोही ने माउंट एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, गृह मंत्री अमित शाह ने दी बधाई

