Punjab Road Accident: पंजाब के गुरदासपुर जिले में अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कलेर खुर्द के पास अमृतसर से जम्मू जा रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आठ यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बस पलटने के बाद पीछे की गाड़ियां टकराईं
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बस के पलटते ही उसके पीछे चल रही करीब पांच गाड़ियां भी आपस में टकरा गईं। हालांकि इन वाहनों में सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल दुर्घटना की असली वजह सामने नहीं आई है।
कॉलेज से लौट रहे थे छात्र
बस में सवार हरीश और नितश ने बताया कि वे जम्मू के रहने वाले हैं और अमृतसर के एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करते हैं। परीक्षा खत्म होने के बाद वे अपने आठ दोस्तों के साथ टूरिस्ट बस नंबर जेके 02 डीएस 8849 से जम्मू लौट रहे थे। सभी दोस्त बस के पिछले हिस्से में बैठे हुए थे।
सोते समय हुआ हादसा
घायलों ने बताया कि हादसे के समय अधिकतर छात्र सो रहे थे। अचानक जोरदार झटका लगा और बस पलट गई। बस का पिछला शीशा टूटने से कुछ यात्री बाहर जा गिरे। इसी दौरान दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी देते हुए एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि सुबह करीब सात बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि हादसे में दो छात्रों की मौत हुई है और करीब आठ लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बस हादसे का कारण तेज रफ्तार था, ड्राइवर को झपकी आई या फिर कोई तकनीकी खराबी हुई। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। घायल यात्रियों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है।
Read More:

