Haryana Chief Minister Nayab Singh Saini Delhi Visit: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री गुरुवार शाम ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। राजधानी में वह कई जरुरी बैठकों में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा हरियाणा से जुड़े कई मुद्दों को लेकर केंद्रीय मंत्रियों से उनकी मुलाकात भी प्रस्तावित मानी जा रही है। मुख्यमंत्री शनिवार को वापस लौट सकते हैं।
ट्रेन से की यात्रा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ट्रेन से दिल्ली गए हैं। इसे केवल एक सामान्य यात्रा नहीं, बल्कि ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। सरकार के भीतर इसे सादगीपूर्ण प्रशासन और जिम्मेदार कार्यशैली की पहल माना जा रहा है।
सरकारी फ्लीट में पहले ही कर चुके कटौती
मुख्यमंत्री सैनी इससे पहले सरकारी फ्लीट में गाड़ियों की संख्या कम करने का फैसला भी ले चुके हैं। सरकार का उद्देश्य अनावश्यक ईंधन खर्च को रोकना और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना बताया जा रहा है। इस यात्रा को लीड बाय एग्जाम्पल की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें सरकार खुद उदाहरण पेश कर जनता को संदेश देने का प्रयास कर रही है।
PM मोदी की अपील पर लिया निर्णय?
सूत्रों के मुताबिक, मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक स्तर पर तेल संकट को लेकर बने तनाव के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा बचत को जनआंदोलन बनाने की अपील की थी। इसके बाद हरियाणा सरकार ने भी ईंधन की खपत कम करने और फिजूलखर्ची रोकने के लिए कई प्रशासनिक कदम उठाने शुरू किए हैं।
साइकिल चलाकर भी दे चुके संदेश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इससे पहले चंडीगढ़ में सुखना लेक पर साइकिल चलाकर भी लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और ऊर्जा बचाने का संदेश दे चुके हैं। सरकार का मानना है कि छोटे-छोटे बदलावों के जरिए हम ऊर्जा बचा सकते हैं।
आम लोगों से भी की अपील
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा है कि यदि आम नागरिक छोटे बदलाव अपनाएं, तो देश ऊर्जा बचाने में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने लोगों से छोटी दूरी के लिए साइकिल का इस्तेमाल करने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और ईंधन को बचाने की अपील की है।
ऊर्जा बचाने पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऊर्जा बचाओ संदेश केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसे जनभागीदारी का अभियान बनाना जरूरी है। उनका कहना है कि यदि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझकर थोड़ी सावधानी बरते, तो देश की ऊर्जा को बचाया जा सकता है।
Read More:
‘होर्मुज स्ट्रेट पर अब अमेरिका का कब्जा’, ट्रंप ने ईरान को फिर धमकाया, बोले- हमें नहीं चाहिए टोल

