PM Narendra Modi Middle East diplomacy: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान पर इजरायल-अमेरिका के हमलों के बीच भारत ने कूटनीतिक स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने एक ही दिन में पांच देशों के शीर्ष नेताओं से बातचीत कर क्षेत्रीय हालात पर चिंता जताई और शांति बहाली की अपील की।
संघर्ष से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित
करीब 20 दिनों से जारी इस संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को प्रभावित किया है। विशेष रूप से स्ट्रेट होर्मुज के बंद होने से स्थिति और गंभीर हो गई है, क्योंकि इस मार्ग से दुनिया के कुल ऊर्जा व्यापार का लगभग 20 प्रतिशत गुजरता है। इसका असर भारत सहित कई देशों में एलपीजी और ईंधन की उपलब्धता पर भी देखा जा रहा है।
PM मोदी ने 5 नेताओं से की बातचीत
इन्हीं परिस्थितियों के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने कतर, फ्रांस, जॉर्डन, ओमान और मलेशिया के नेताओं से फोन पर बातचीत की। उन्होंने सभी से अलग-अलग संवाद में ऊर्जा ढांचे पर हमलों की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बहाल करने के लिए कूटनीति और संवाद को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कतर के अमीर तमीम बिन से बातचीत
कतर के अमीर तमीम बिन से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें और कतर की जनता को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों की कड़ी निंदा करता है और कतर के साथ खड़ा है। साथ ही कतर में रह रहे भारतीयों की देखभाल के लिए आभार भी व्यक्त किया।
जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह से बातचीत
जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह 2 जॉर्डन से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्रीय हालात पर चिंता जताई और कहा कि ऊर्जा ढांचे पर हमले तनाव को और बढ़ा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत और जॉर्डन दोनों ही वस्तुओं और ऊर्जा की मुक्त आवाजाही के पक्षधर हैं। साथ ही संकट के दौरान भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी में जॉर्डन की भूमिका की सराहना की।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों संग बातचीत
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत में दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की तत्काल आवश्यकता पर सहमति जताई। दोनों देशों ने शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई और कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
ओमान के सुल्तान हातिम बिन तारिक से बातचीत
ओमान के सुल्तान हातिम बिन तारिक से हुई चर्चा में प्रधानमंत्री मोदी ने ईद की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रीय स्थिरता पर बात की। दोनों नेताओं ने संवाद और कूटनीति के जरिए तनाव कम करने की जरूरत को स्वीकार किया। प्रधानमंत्री ने ओमान द्वारा भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
मलेशिया के PM अनवर इब्राहिम से बातचीत
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से बातचीत में भी प्रधानमंत्री मोदी ने हरि राया ऐदिलफित्री की शुभकामनाएं दीं और पश्चिम एशिया की चिंताजनक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। दोनों देशों ने शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
क्या हुईं PM मोदी से बात?
प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नेताओं के साथ बातचीत में एक समान संदेश दिया, क्षेत्र में शांति बहाली के लिए संवाद जरूरी है और ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
Read More:
सुप्रीम कोर्ट से यूपी सरकार को बड़ी जीत, सहारा शहर में बनेगी नई विधानसभा

