Uttarakhand Schools: उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विद्यालयों को जल्द सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने ऐसे स्कूलों के पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए राज्य आपदा मोचन निधि से 30 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसमें प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए 15-15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मार्च 2027 तक पूरा करना होगा काम
शिक्षा महानिदेशालय ने सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आवंटित बजट का जल्द उपयोग करने और निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा का पालन करने के साथ निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
भवन से लेकर शौचालय और खेल मैदान तक होंगे दुरुस्त
जारी धनराशि से आपदा में क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों के साथ चारदीवारी, खेल मैदान, शौचालय और अन्य स्कूल परिसंपत्तियों की मरम्मत व पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य क्षतिग्रस्त स्कूलों को जल्द पूर्ववत स्वरूप में लाकर विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है।
महानिदेशक ने CEO को भेजा पत्र
महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोंडे ने इस संबंध में सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है। इसमें बजट का शीघ्र उपयोग करने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राथमिक स्कूलों के लिए इन जिलों को मिली राशि
प्राथमिक विद्यालयों के लिए चमोली, पिथौरागढ़, चंपावत, उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा को सवा-सवा करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं, हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर को एक-एक करोड़ से अधिक रुपये दिए गए हैं।
माध्यमिक विद्यालयों को भी जिलावार बजट
माध्यमिक विद्यालयों के लिए भी इन्हीं जिलों में समान धनराशि आवंटित की गई है। इस बजट से आपदा प्रभावित माध्यमिक स्कूलों की क्षतिग्रस्त संपत्तियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
मार्च तक देना होगा उपयोगिता प्रमाणपत्र
सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आगामी मार्च तक खर्च की गई धनराशि का उपयोगिता प्रमाणपत्र शिक्षा महानिदेशालय को उपलब्ध कराना होगा। इससे बजट के उपयोग और निर्माण कार्यों की प्रगति की निगरानी की जा सकेगी।
जल्द सुरक्षित होंगे आपदा प्रभावित विद्यालय
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा, ‘प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों का शीघ्र पुनर्निर्माण कर उन्हें सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा। प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के लिए जिलावार 30 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यालयों को जल्द पूर्ववत स्वरूप में लाया जा सके।’
Read More:

