HomeBreaking Newsयूपी में गरीबों के राशन पर डाका! अमेठी में 57 क्विंटल गेहूं-चावल...

यूपी में गरीबों के राशन पर डाका! अमेठी में 57 क्विंटल गेहूं-चावल गायब, कोटेदार पर FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश(UP News) के अमेठी जिले में सरकारी राशन वितरण में गड़बड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। यहां गरीब परिवारों को मिलने वाले सरकारी खाद्यान्न में बड़ी कमी पाई गई है। मामला जामों विकासखंड की ग्राम पंचायत राजामऊ का है जहां उचित दर दुकान के निलंबित कोटेदार पचईराम पर राशन वितरण में अनियमितता के आरोप लगे हैं। जांच के दौरान दुकान के स्टॉक से 57.24 क्विंटल गेहूं-चावल और 45 किलोग्राम चीनी कम मिली। इसके बाद पूर्ति विभाग ने आरोपी कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।

इस मामले की शिकायत गांव के लोगों ने की थी। ग्रामीणों का आरोप था कि सितंबर महीने का राशन देने के नाम पर कोटेदार ने ई-पॉश मशीन पर उनका अंगूठा लगवा लिया, लेकिन उन्हें गेहूं और चावल नहीं दिया। मशीन में राशन वितरण पूरा दिखा दिया गया जबकि लाभार्थी खाली हाथ लौटते रहे। इसके बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।

14 अक्टूबर को निलंबित हुई राशन की दुकान

शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। जांच में गड़बड़ियां सामने आने पर 14 अक्टूबर को कोटेदार पचईराम की दुकान निलंबित कर दी गई। उपभोक्ताओं को राशन मिलने में परेशानी न हो, इसलिए दुकान को ग्राम पंचायत घाटमपुर के कोटेदार महेश कुमार से जोड़ दिया गया।

जांच में सामने आई 57 क्विंटल राशन की कमी

दुकान से संबंधित खाद्यान्न का पूरा हिसाब लेने के लिए 27 अक्टूबर को पूर्ति निरीक्षक सत्येंद्र प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर स्टॉक की जांच की। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक दुकान में 31.29 क्विंटल गेहूं और 46.95 क्विंटल चावल होना चाहिए था।

लेकिन जांच के समय मौके पर सिर्फ 8 क्विंटल गेहूं और 13 क्विंटल चावल मिला। इसके अलावा 45 किलो चीनी की कमी भी दर्ज की गई।

कोटेदार के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर जामों थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के जरिए राशन की कमी और वितरण में हुई कथित गड़बड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जाएगा।

यह भी पढ़ें : चीन की मिसाइल ने किया अमेरिकी विमानवाहक पोत जैसे टारगेट…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments