UP Gram Prahari Honorarium: उत्तर प्रदेश के ग्राम प्रहरियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने उनके मासिक मानदेय में 1000 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। अब ग्राम प्रहरियों को हर महीने 2500 रुपये की जगह 3500 रुपये मानदेय मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में इस फैसले की घोषणा करते हुए ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करेंगे।
68 हजार ग्राम प्रहरियों को मिलेगा लाभ
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 68 हजार ग्राम प्रहरी लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सोमवार को अपर मुख्य सचिव, गृह संजय प्रसाद ने मानदेय बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया। इससे लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे ग्राम प्रहरियों को राहत मिलेगी।
मानदेय में करीब 40% की वृद्धि
ग्राम प्रहरियों को अभी तक प्रतिमाह 2500 रुपये दिए जा रहे थे। इसमें 1000 रुपये की वृद्धि के बाद अब उन्हें 3500 रुपये हर महीने मिलेंगे। मौजूदा मानदेय की तुलना में यह करीब 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। सरकार के इस फैसले से राजकीय खजाने पर हर साल करीब 84 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।
गांवों की सुरक्षा में अहम भूमिका
ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के सहयोगी के तौर पर काम करते हैं। वे गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हैं और स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचाते हैं। किसी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर स्थानीय थाने को उपलब्ध कराने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इससे ग्रामीण इलाकों में शांति-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलती है।
पीआरडी और होमगार्ड का भी बढ़ा भत्ता
ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोतरी से पहले सरकार प्रांतीय रक्षा दल यानी पीआरडी के जवानों के दैनिक भत्ते में भी वृद्धि कर चुकी है। इसके अलावा होमगार्ड स्वयंसेवकों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की जा चुकी है। अब ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि को सरकार की ओर से उनके काम के प्रति प्रोत्साहन के तौर पर देखा जा रहा है।
Read More:


[…] यूपी के ग्राम प्रहरियों को योगी सरकार … […]