दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर कथित देह व्यापार से जुड़े मामले का खुलासा किया है। नबी करीम थाना पुलिस की कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि परिसर से आठ महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 21 सितंबर 2026 की शाम गुप्त सूचना मिलने के बाद की गई।
डिकॉय ग्राहक भेजकर पहले की गई पुष्टि
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुल्तानी ढांडा की गली नंबर-3 स्थित मकान नंबर 9139 की दूसरी और तीसरी मंजिल पर स्पा की आड़ में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। शाम करीब 7 बजे सूचना मिलने के बाद इसे SHO के संज्ञान में लाया गया और एक टीम तैयार की गई। कार्रवाई से पहले पुलिस ने सूचना की पुष्टि के लिए सब-इंस्पेक्टर अमित को डिकॉय ग्राहक बनाकर भेजा। पुलिस के मुताबिक, मौके पर गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद टीम ने दोनों मंजिलों पर छापेमारी की।
स्पा मालिक और मैनेजर समेत चार गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 27 वर्षीय विवेक कुमार शामिल है, जिसे पुलिस ने लुक लाइफ स्पा का मालिक बताया है। वह मुल्तानी ढांडा का रहने वाला है। दूसरा आरोपी 36 वर्षीय दशरथ मंडल है, जो झारखंड के महेशपुर गांव का निवासी है और स्पा में मैनेजर के तौर पर काम करता था। इसके अलावा बिहार के छपरा जिले के पिलखी नवादा गांव निवासी 20 वर्षीय अमन और गाजियाबाद के लोनी स्थित तिलामोड़ इलाके के 27 वर्षीय गुड्डू कर्मकार को भी गिरफ्तार किया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने परिसर से आठ महिलाओं को रेस्क्यू किया। इनमें कोलकाता की 34 वर्षीय महिला, नेपाल की 28 वर्षीय महिला और पहाड़गंज की 29 वर्षीय महिला शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल के सुरकेट की 25 वर्षीय महिला, नोएडा की 25 और 26 वर्षीय दो महिलाएं, पंजाब की 30 वर्षीय महिला और दिल्ली के ओखला फेज-2 की 22 वर्षीय महिला को भी वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
ITP Act के तहत FIR दर्ज
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान परिसर से मामले से जुड़े जरूरी साक्ष्य भी बरामद किए गए। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों से कथित गतिविधियों में उनकी भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई गई है। नबी करीम थाने में FIR नंबर 419/2026 दर्ज की गई है। मामला अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम यानी ITP Act की धारा 3/4/5 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं।
Read More
‘अमेरिका और इजरायल का पाकिस्तान हो सकता है अगला निशाना’, हूती नेता की चेतावनी से मची हलचल

