HomeBreaking Newsरेवाड़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, बाल-बाल बचे SI,...

रेवाड़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, बाल-बाल बचे SI, जवाबी कार्रवाई में 2 बदमाश घायल

हरियाणा के रेवाड़ी(Rewari) जिले में जड़थल गांव के नजदीक गुरुवार-शुक्रवार की रात पुलिस और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस दौरान हुई फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए जबकि पुलिस टीम के एक सब-इंस्पेक्टर पर भी गोली चली जो उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में लगने से वे बच गए।

धारूहेड़ा CIA प्रभारी योगेश कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि 28 जून को बखापुर गांव में फायरिंग करने वाले आरोपी बाइक पर जड़थल की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी की। जैसे ही पुलिस ने संदिग्धों को रुकने का इशारा किया उन्होंने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।

दो राज्यों में दर्ज हैं कई गंभीर मामले

घायल बदमाशों की पहचान मोहन बोलनी और गोविंद के रूप में हुई है। इनमें से एक आरोपी राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के खुशखेड़ा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर हरियाणा और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और रंगदारी जैसे 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मौके पर वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही DSP सुरेंद्र श्योराण और DSP रविंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नया मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायल आरोपियों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रिमांड पर लिया जाएगा। उनसे उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

यह भी पढ़ें : लखनऊ में CM योगी ने किया आम महोत्सव का आगाज़, 800 वैरायटी…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments