Rajouri LoC Firing: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में LoC पर एक बार फिर संदिग्ध गतिविधि देखने को मिली है। राजौरी सेक्टर के तारकुंडी अग्रिम क्षेत्र में संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी की आशंका के बाद भारतीय सेना ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी की आड़ में पाकिस्तानी सेना आतंकवादियों को घुसपैठ कराने की कोशिश कर रही थी, लेकिन भारतीय जवानों ने जवाब दिया और उनकी हताश कोशिश को नाकाम कर दिया। इसके बाद सीमा पर दोनों ओर से छोटे हथियारों से फायरिंग हुई।
करीब 90 मिनट तक जारी रही गोलीबारी
अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे तारकुंडी अग्रिम क्षेत्र में छोटे हथियारों से फायरिंग शुरू हुई, जो करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुक कर जारी रही। इस दौरान दोनों ओर से जवाबी गोलीबारी हुई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
भारतीय सेना ने तुरंत संभाला मोर्चा
अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर तैनात जवानों को संदिग्ध आतंकी गतिविधि दिखाई दी, जिसके बाद भारतीय सेना ने तुरंत फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में सीमा पार से भी छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
इलाके में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन
शनिवार सुबह सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं कोई घुसपैठिया सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल तो नहीं हुआ। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
पहले भी मिले थे घुसपैठ के संकेत
इससे पहले 14 जुलाई को भी राजौरी के कई गांवों में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया था। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय शुरू की गई थी, जब CCTV फुटेज में इलाके में दो संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियां दिखाई दी थीं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया था।
पुंछ और डोडा में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में चलाए गए एक अलग अभियान के दौरान पूछताछ के लिए कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं, डोडा जिले में एक स्थानीय आतंकवादी के पुराने घर की भी तलाशी ली गई। इन घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
लोक-कल्याण की सीमाओं से आगे, ‘मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना’ बनी पंजाब का नया सोशल मीडिया ट्रेंड