लुधियाना से छह दिन पहले एक पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर को अगवा कर हत्या कर दी गई है। मंगलवार को उनका शव नीलो नहर से बरामद हुआ। परिवार के सदस्यों ने शव की पहचान कर ली है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल में रखा गया है। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस अब हत्या और अपहरण के एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है।
बाजार जाने के बाद लापता हुई थीं सिंगर
इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर के भाई जोतइंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 13 मई की रात करीब 8:30 बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार लेकर घर से ग्रोसरी का सामान लेने निकली थीं। हालांकि देर रात तक वह वापस नहीं लौटीं। परिवार ने जब उनकी तलाश शुरू की तो पता चला कि उनकी जान-पहचान मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से थी। इसके बाद परिवार को अपहरण की आशंका हुई।
शादी से इनकार के बाद हत्या का आरोप
परिवार का आरोप है कि सुखविंदर सिंह इंदर कौर से शादी करना चाहता था, लेकिन सिंगर ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर गन प्वाइंट पर उनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर दी। जोतइंदर सिंह के मुताबिक, आरोपी सुखविंदर सिंह घटना के बाद कनाडा फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह विशेष रूप से पंजाब आया था और वारदात को अंजाम देने के बाद वापस विदेश चला गया।
15 मई को दर्ज हुई थी FIR
परिवार की शिकायत पर पुलिस ने 15 मई को मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। हालांकि परिवार का आरोप है कि FIR दर्ज होने के बाद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। थाना जमालपुर के SHO बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को नीलो नहर में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पहचान के लिए परिवार को बुलाया गया। परिवार ने शव की पहचान इंदर कौर के रूप में की। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Read More
पंजाब में खेतों के ऊपर लगी बिजली लाइनें होंगी अंडरग्राउंड, CM मान ने शुरू की बड़ी परियोजना

