पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने मोहाली (SAS नगर) पुलिस(Punjab Police) के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए विदेशी गैंगस्टरों से जुड़े एक अहम सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
ट्राइसिटी में थी वारदात की तैयारी
शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया व्यक्ति विदेश में बैठे गैंगस्टर सरगनाओं के सीधे संपर्क में था और उनके निर्देशों पर काम कर रहा था। उसे चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला समेत ट्राइसिटी इलाके में कई संभावित टारगेट दिए गए थे। इन जगहों पर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना लंबे समय से बनाई जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अपने आकाओं के कहने पर इलाके की रेकी कर रहा था और हर गतिविधि की जानकारी उन्हें देता था। उसे हथियार भी इसी मकसद से उपलब्ध कराए गए थे, ताकि सही समय पर वारदात को अंजाम दिया जा सके।
समय रहते हुई बड़ी कार्रवाई
पुलिस और एजीटीएफ की सतर्कता के चलते आरोपी को समय रहते पकड़ लिया गया। अधिकारियों का मानना है कि अगर यह गिरफ्तारी नहीं होती तो ट्राइसिटी में कोई बड़ी आपराधिक घटना हो सकती थी।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
अब जांच एजेंसियां इस मामले के पीछे के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था, उसे फंडिंग कहां से मिल रही थी और हथियारों की सप्लाई कैसे हो रही थी। इसके साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस गैंग का संबंध किन-किन अन्य मामलों से हो सकता है।
पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड व डिजिटल ट्रेल के जरिए उसके नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है ताकि जुड़े अन्य लोगों तक भी जल्द पहुंचा जा सके।