ऑनलाइन ट्रेडिंग में कम समय में बड़ा मुनाफा कमाने का लालच देकर करीब 1.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पंचकूला पुलिस(Panchkula Police) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13वें आरोपी रविंद्र बिश्नोई उर्फ रवि को राजस्थान के जोधपुर से पकड़ा है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इससे पहले गिरफ्तार किए गए 12वें आरोपी सुरेश भादू का रिमांड पूरा होने पर अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
टेलीग्राम से शुरू हुआ ठगी का खेल
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के मुताबिक, पंचकूला के एक व्यक्ति ने नवंबर 2023 में पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक, उसे टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर मोटा मुनाफा मिलने का झांसा दिया गया।
इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता से एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाया। ऐप के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए। शुरुआत में ऐप पर निवेश की रकम बढ़ती हुई दिखाई गई। कुछ पैसा निकालने की अनुमति मिलने के बाद शिकायतकर्ता को आरोपियों पर भरोसा हो गया।
टैक्स के नाम पर ऐंठे करोड़ों
विश्वास बनने के बाद ठगों ने रकम निकालने के लिए 30 प्रतिशत टैक्स जमा करने की शर्त रख दी। शिकायतकर्ता ने इस मांग के बाद भी अलग-अलग किस्तों में पैसे जमा किए। इसी तरीके से उससे करीब 1.50 करोड़ रुपये ठग लिए गए।
अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें राजेश कुमार, आकिब अली उर्फ शेरू, आकाश, विशाल कुमार, मोनू उर्फ मोहम्मद असरफ, संदीप कुमार सिंह, ऋषभ वैश्य, अनुपम कुमार सिंह, आकाश गुप्ता, अनिल खुडखुड़िया, श्यामलाल, सुरेश भादू और रविंद्र बिश्नोई उर्फ रवि शामिल हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।