HomeBreaking Newsनजफगढ़ शूटआउट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, ‘मसालेवाला’ 11 केसों का है आरोपी...

नजफगढ़ शूटआउट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, ‘मसालेवाला’ 11 केसों का है आरोपी…

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नजफगढ़(Najafgarh) इलाके में हुए हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गौरव उर्फ लव शर्मा उर्फ संदीप उर्फ “मसालेवाला” को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहा यह आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी नजफगढ़ क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, स्नैचिंग तथा अन्य गंभीर अपराधों सहित कुल 11 मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी धर्मपुरा, नजफगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड में वह थाना नजफगढ़ का हिस्ट्रीशीटर भी है। इलाके में उसका नाम पहले से ही आपराधिक गतिविधियों के कारण चर्चा में रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, गौरव लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और स्थानीय बदमाशों के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।

क्या है मामला ?

पुलिस जांच के अनुसार, यह मामला 23 अप्रैल 2026 की रात का है। उस रात शिकायतकर्ता अपने एक दोस्त के घर रोशन गार्डन इलाके में रुका हुआ था। देर रात घर के बाहर शोर-शराबा होने पर परिवार की एक लड़की ने बताया कि बाहर दो लोग उसके चाचा से झगड़ा कर रहे हैं। जब शिकायतकर्ता बाहर पहुंचा तो उसने देखा कि गौरव और उसका साथी प्रिंस मित्तल उसके दोस्त के साथ मारपीट कर रहे थे।

स्थिति को शांत कराने के लिए जब शिकायतकर्ता बीच-बचाव करने पहुंचा, तभी आरोपी गौरव ने कथित तौर पर पिस्टल निकाल ली और उस पर फायरिंग कर दी। गोली शिकायतकर्ता के पैर में लगी जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। घायल व्यक्ति को आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज किया गया।

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद नजफगढ़ थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में आरोपियों की पहचान होने के बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई। हालांकि वारदात के बाद गौरव लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा देने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिप रहा था।

क्राइम ब्रांच को बाद में गुप्त सूचना मिली कि आरोपी इलाज के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल आने वाला है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर गुलशन यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अस्पताल के आसपास निगरानी बढ़ा दी और जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

कम उम्र से ही अपराधों की शुरुआत 

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गौरव ने कम उम्र में ही गलत संगत के चलते छोटे अपराधों से शुरुआत की थी। धीरे-धीरे वह इलाके के अपराधियों के संपर्क में आया और गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल होता चला गया। पुलिस का कहना है कि आर्थिक परेशानियों के कारण उसने अवैध गतिविधियों के जरिए पैसे कमाने का रास्ता अपनाया। वह कथित तौर पर सट्टा कारोबारियों और अवैध शराब बेचने वालों से रंगदारी वसूलने में भी शामिल था।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से नजफगढ़ क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के बारे में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें : रोहिणी में दोस्त का बदला लेने पहुंचे दो नाबालिग लड़कों की हत्या…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments